गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र में स्थित उमा पॉलीक्लिनिक एंड डायग्नोस्टिक सेंटर में इलाज के बाद एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। परिजनों ने क्लिनिक के डॉक्टर पर गलत इलाज और लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और सड़क जाम कर दिया।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि उमा पॉलीक्लिनिक में योग्य डॉक्टर के बिना इलाज किया जाता है। उनका कहना है कि लापरवाही के कारण उनकी मां की जान चली गई। मृतका के पुत्र मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि उनकी मां को हल्का बुखार और खांसी थी, जिसके इलाज के लिए उमा पॉलीक्लिनिक में भर्ती कराया गया था।
तीन दवाइयां देने के बाद तबीयत अचानक बिगड़ गई
मनोज कुमार वर्मा के अनुसार, क्लिनिक में अशोक मोदी नामक व्यक्ति द्वारा इलाज किया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान तीन दवाइयां देने के बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें उल्टी होने लगी। बार-बार बाहर रेफर करने की मांग के बावजूद क्लिनिक संचालक ने गंभीरता नहीं दिखाई।
दोषी डॉक्टर पर कानूनी कार्रवाई की मांग
जब महिला की स्थिति ज्यादा बिगड़ी, तब उन्हें रांची रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने उमा पॉलीक्लिनिक के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषी डॉक्टर पर कानूनी कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की। प्रदर्शन के कारण आवागमन बाधित हो गया और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
लोगों ने पॉलीक्लिनिक के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया।
क्लिनिक में भर्ती की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं: डॉक्टर सोनू कुमार
वहीं, उमा पॉलीक्लिनिक के डॉक्टर सोनू कुमार ने परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला 27 दिसंबर को बुखार और खांसी की शिकायत लेकर उनके क्लिनिक आई थी, जहां जांच के बाद दवा का प्रिस्क्रिप्शन दिया गया था।
डॉक्टर सोनू कुमार के अनुसार, 2 जनवरी को महिला दोबारा क्लिनिक आई और कमजोरी की शिकायत बताई। जांच में टाइफाइड की पुष्टि हुई, जिसके बाद आवश्यक दवाइयां दी गईं और मरीज को घर भेज दिया गया।
एक घंटे के बाद सड़क जाम हटाया गया
डॉक्टर सोनू कुमार ने यह भी कहा कि उनके क्लिनिक में भर्ती की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है और महिला को कभी भी उनके यहां एडमिट नहीं किया गया। महिला की आज सुबह मौत हो जाने के बाद उन पर गलत इलाज का आरोप लगाया जा रहा है, जो पूरी तरह निराधार है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही सरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और आक्रोशित परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया और एक घंटे के बाद जाम को हटाया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.