Dholpur: धौलपुर की रीता शर्मा ने अपनी 85 वर्षीय माँ कमला देवी का अंतिम संस्कार कर समाज की रूढ़ियों को चुनौती दी है. कोई भाई न होने पर रीता ने 5 साल तक माँ की सेवा की और उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार चंबल मुक्ति धाम पर मुखाग्नि दी. यह घटना बेटा-बेटी के भेदभाव को खत्म करने की दिशा में एक बड़ी मिसाल बनी है.
माँ को मुखाग्नि देने वाली रीता शर्मा ने बताया कि उनका कोई भाई नहीं है. वे तीन बहनें हैं जिनमें रेखा सबसे बड़ी और रुक्मणी उनसे छोटी हैं. रीता के अनुसार करीब 14 साल पहले उनके पिता का निधन हो गया था. पिता के जाने के बाद परिवार के ताऊ के लड़कों ने उनकी पैतृक जमीन पर कब्जा कर लिया. ऐसी विपरीत परिस्थितियों में रीता अपनी बुजुर्ग माँ को अपने साथ ससुराल चितौरा गांव ले आईं. पिछले 5 वर्षों से माँ कमला देवी की तबीयत काफी खराब थी और वे चलने-फिरने में भी असमर्थ थीं. रीता ने एक पुत्र की भांति अपनी माँ की दिन-रात सेवा की और चारपाई पर ही उनका पूरा ख्याल रखा.
माँ की अंतिम इच्छा और बेटी का संकल्प
रीता ने भावुक होते हुए बताया कि उनकी माँ का उनसे अपार स्नेह था. माँ की अंतिम इच्छा थी कि उनकी सबसे छोटी बेटी रीता ही उनका अंतिम संस्कार करे. माँ के इसी वचन और प्रेम को सम्मान देने के लिए रीता ने श्मशान घाट जाकर पुत्र धर्म निभाया. रीता के पति विनीत शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपनी सास के इलाज के लिए आगरा तक के चक्कर लगाए. लेकिन अधिक उम्र होने के कारण डॉक्टरों ने घर पर ही सेवा की सलाह दी थी. रीता ने कभी भी अपनी माँ को पुत्र की कमी महसूस नहीं होने दी. अब सनातन और वैदिक पद्धति के अनुसार ही स्वर्गवासी आत्मा के आगामी क्रिया-कर्म भी रीता द्वारा ही संपन्न किए जाएंगे.
समाज के लिए एक सशक्त संदेश
स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्धजनों का कहना है कि यह घटना समाज की नकारात्मक और रूढ़िवादी सोच को बदलने वाली है. आज के दौर में जहाँ बेटियां हर क्षेत्र में अग्रणी हैं. वहां धार्मिक और सामाजिक परंपराओं में भी इस तरह की समानता एक बेहतरीन आयाम पेश करती है. यह उन लोगों के लिए एक ठोस जवाब है जो आज भी बेटा और बेटी में भेद रखते हैं. बेटी द्वारा माँ को मुखाग्नि देना न केवल एक व्यक्तिगत निर्णय है. बल्कि यह नारी शक्ति और संतानों के समान अधिकार का एक मजबूत वैश्विक संदेश भी है.
About the Author
Vicky Rathore is a multimedia journalist and digital content specialist with 8 years of experience in digital media, social media management, video production, editing, content writing, and graphic, A MAJMC gra…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.