इटियाथोक/खरगूपुर (गोंडा)। खरगूपुर के रज्जनपुर इंछापुरवा गांव निवासी पिंटू वर्मा के पुत्र गुलशन (14) का शव बुधवार शाम पेड़ पर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
गुलशन कंपोजिट विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था। पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई में काम करते हैं। घर में मां सीता देवी और आठ वर्षीय बहन महिमा हैं। मां सीतादेवी ने बताया कि बुधवार शाम करीब चार बजे गुलशन गांव के पास बाग से लकड़ी काटने गया था। देर शाम तक उसके न लौटने पर खोजबीन शुरू की।
इसी बीच गांव के दो बच्चे खेलते हुए सरसों के खेत की ओर पहुंचे तो वहां शव को फंदे से लटका देख सूचना दी। थोड़ी ही देर में भारी भीड़ जुट गई। बाबा हनोमान ने आरोप लगाया कि पौत्र की हत्या कर शव को पेड़ पर फंदे से लटका दिया गया है।
हनोमान ने बताया कि दोनों पैर जमीन छू रहे थे। आंख व कान के पास चोट के निशान हैं। ग्रामीणों की मदद से शव को फंदे से नीचे उतारा गया। एसपी विनीत जायसवाल का कहना है कि शव मिलने की सूचना मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
400 मीटर दूर मिला शव
ग्रामीणों के अनुसार शव घर से करीब 400 मीटर दूर स्थित खेत में मिला। परिजनों का कहना है कि गुलशन की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। वह परिवार का इकलौता बेटा था। सूचना मिलते ही खरगूपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.