बिलासपुर में मंगलवार को आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में 100 से अधिक लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनी गईं। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान बेजा कब्जा हटाने, अलग-अलग योजनाओं के तहत आवास और ऋण उपलब्ध कराने से जुड़ी मांगें प्रमुख रूप से सामने आईं। ग्राम पंचायत मिट्ठू नवागांव के ग्रामीणों ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के लिए भवन निर्माण की मांग की।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को इस संबंध में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, लिंगियाडीह निवासी गुंजा धुरी ने पति के देहांत और आय के साधन न होने का हवाला देते हुए शहर में अटल आवास दिलाने की गुहार लगाई। कलेक्टर ने उनका आवेदन नगर निगम आयुक्त को सौंपा।
स्वरोजगार के लिए बैंक लोन की मांग
बिल्हा के ग्राम बोड़सरा निवासी अजय ने स्वयं का रोजगार स्थापित करने के लिए शासन की योजना के तहत बैंक लोन दिलाने की मांग की। वे वेल्डिंग दुकान खोलना चाहते हैं। कलेक्टर ने लीड बैंक अधिकारी को इस मामले में उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कृषि भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत
कोटा के कुरदर निवासी हरिशचंद्र मिरी ने लक्ष्मी प्रसाद के खिलाफ उनकी कृषि भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। उन्होंने बताया कि लगभग 100 डिसमिल जमीन उनके, आनंदबाई और लक्ष्मी प्रसाद के नाम दर्ज है।
लक्ष्मी प्रसाद इस भूमि पर कब्जा कर खेती कर रहा है, जिससे जमीन के बंटवारे को लेकर रोजाना विवाद हो रहा है। कलेक्टर ने मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सूचना के अधिकार के तहत जानकारी नहीं मिलने की शिकायत
बिल्हा के ग्राम मदनपुर के ग्रामीणों ने सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत जानकारी नहीं मिलने की शिकायत कलेक्टर से की। कलेक्टर ने इस मामले में एसडीएम कोटा को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में विभिन्न मामलों के आवेदन
जनदर्शन के दौरान जमीन के अवैध कब्जे, भूमि विवाद, नामांतरण, सीमांकन से जुड़ी शिकायतें और शासन की अलग-अलग योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी आवेदन प्रस्तुत किए गए।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.