कोडरमा जिले के जयनगर प्रखंड अंतर्गत खरियोडीह पंचायत के गड़ियाई बिरहोर टोला से 1 फरवरी से लापता 10 बिरहोर बच्चों को गयाजी (बिहार) से सकुशल बरामद कर लिया गया है। इन बच्चों को गया चाइल्डलाइन और पुलिस के संयुक्त प्रयास से खोजा गया। गयाजी चाइल्ड लाइन के कॉर्डिनेटर अमित कुमार ने बताया कि उन्हें 3 फरवरी को मुफ्फसिल थाना से सूचना मिली थी। पुलिस को रात्रि गश्ती के दौरान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में कुछ बच्चे मिले थे, जो संभवतः भटक गए थे। बच्चों को अपने साथ चाइल्ड लाइन सेंटर ले आई सूचना मिलने के बाद चाइल्ड लाइन की टीम मुफ्फसिल थाना पहुंची और बच्चों को अपने साथ चाइल्ड लाइन सेंटर ले आई। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 7 बच्चे मुफ्फसिल थाना क्षेत्र से और शेष 3 बच्चे परैया से बरामद किए गए थे। अमित कुमार ने बताया कि बच्चे शायद ट्रेन से गया उतरने के बाद रास्ता भटक गए थे और इधर-उधर घूम रहे थे। बच्चों की भाषा समझने में काफी परेशानी हो रही थी, जिससे उनके घर का पता लगाना मुश्किल हो रहा था। चाइल्ड लाइन ने सभी बच्चों की तस्वीरें अपने व्हाट्सएप ग्रुप में साझा कीं। इसके बाद कोडरमा से सूचना मिली कि वहां के बिरहोर समुदाय के लगभग 10 बच्चे पिछले एक सप्ताह से लापता है। तस्वीरें लापता बच्चों के परिजनों को दिखाई गईं कोडरमा पुलिस ने गया चाइल्ड लाइन से संपर्क कर आगे की कार्रवाई की। जयनगर के सीओ सारांश जैन ने बताया कि व्हाट्सएप पर मिली बच्चों की तस्वीरें लापता बच्चों के परिजनों को दिखाई गईं, जिससे पुष्टि हुई कि सभी बच्चे उन्हीं के परिवार के हैं। गयाजी चाइल्ड लाइन के कॉर्डिनेटर अमित कुमार ने बताया कि सभी 10 बच्चों को उनकी श्रेणी के अनुसार अलग-अलग बाल सुरक्षा गृहों में भेज दिया गया है। इनमें 5 बच्चे गयाजी स्थित बाल सुरक्षा गृह में, 2 बच्चों को औरंगाबाद बाल सुरक्षा गृह में और 3 बच्चियों को नवादा के बाल सुरक्षा गृह में रखा गया है। अमित कुमार ने कहा कि कोडरमा की पुलिस गया सेंटर पहुंच चुकी है, जहां से आगे की कार्रवाई की जा रही है। बताते चलें कि बच्चों के गायब होने की सूचना मिलते ही शुक्रवार को एसपी अनुदीप सिंह ने प्रशिक्षु डीएसपी दिवाकर कुमार नेतृत्व में एक विशेष दल का गठन कर उक्त गांव भेजा और पीड़ित परिवार वालों से पूछताछ की। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने खुद इसकी कमान संभाली और परिजनों के दिए गए बयान के आधार पर आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन शुरू कर दी। साथ ही आसपास के इलाकों में बच्चों से संबंधित लापता होने की सूचना फैला दी गई। इसी बीच कोडरमा एसपी को सूचना मिली कि बच्चों का एक समूह कहीं से भटक कर गयाजी (बिहार) पहुंच गया है। इसके बाद विशेष दल को गयाजी भेज दिया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.