Ara News:भोजपुर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बड़े बदलाव की दहलीज पर खड़ी है. सदर अस्पताल को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का दर्जा मिलने की प्रक्रिया शुरू होते ही स्पष्ट हो गया है. नई व्यवस्था के तहत सदर अस्पताल में किडनी और मस्तिष्क से जुड़ी बीमारियों की उन्नत जांच व इलाज की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी
नई व्यवस्था के तहत सदर अस्पताल में किडनी और मस्तिष्क से जुड़ी बीमारियों की उन्नत जांच व इलाज की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.इसके साथ ही जिले के 10 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी स्पेशियलिटी का दर्जा दिया जाएगा. इससे ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में बड़ा सुधार होगा और प्राथमिक स्तर पर ही कई जटिल बीमारियों का इलाज संभव हो सकेगा.
45 चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की होगी नियुक्ति
स्वास्थ्य विभाग की योजना के अनुसार इस बदलाव के साथ 45 चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति प्रस्तावित है. इसमें विशेषज्ञ डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, तकनीशियन और सहायक कर्मी शामिल होंगे.इससे न सिर्फ मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे.इस पहल का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि रेफरल सिस्टम पर निर्भरता कम होगी. अब तक गंभीर मरीजों को बड़े शहरों में भेजना मजबूरी थी, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी. सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं शुरू होने के बाद अधिकांश इलाज जिले में ही संभव हो पाएगा, जिससे मरीजों और उनके परिजनों पर आर्थिक बोझ कम होगा.
इलाज की गुणवत्ता में होगा सुधार
सदर अस्पताल प्रबंधक शशिकांत कुमार ने बताया कि यह कदम जिले के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करेगा और सरकारी अस्पतालों के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ाएगा. बेहतर उपकरण, प्रशिक्षित स्टाफ और विशेष विभागों की उपलब्धता से इलाज की गुणवत्ता में सुधार होगा और निजी अस्पतालों पर निर्भरता घटेगी.कुल मिलाकर, सदर अस्पताल का सुपर स्पेशियलिटी के रूप में विकसित होना भोजपुर जिले के लिए एक ऐतिहासिक पहल है. यह फैसला न केवल वर्तमान जरूरतों को पूरा करेगा. आने वाले वर्षों में जिले को स्वास्थ्य के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.