Gardening Tips : किचन गार्डन में कीड़े-मकोड़ों की समस्या से परेशान लोगों के लिए लहसुन अब बड़ा सहारा बन रहा है. रसोई का यह साधारण मसाला पौधों के लिए प्राकृतिक सुरक्षा कवच साबित हो रहा है. लहसुन की तेज गंध कीड़ों को दूर रखती है, जड़ों की रक्षा करती है और बिना रसायन के पौधों की सेहत बनाए रखने में कारगर उपाय है.
भीलवाड़ा – आमतौर पर देखा जाता है कि हर किचन गार्डन में सबसे ज्यादा प्रॉब्लम गार्डन में कीड़े मकोड़े होने की होती है कई बार तो कीड़े मकोड़े ज्यादा होने की वजह से पौधों को काफी नुकसान पहुंचता है ऐसे में लोगों के लिए लहसुन अब सिर्फ रसोई का स्वाद बढ़ाने वाला मसाला नहीं रह गया है, बल्कि यह पौधों की सुरक्षा का प्राकृतिक हथियार भी बनता जा रहा है. लहसुन की तेज गंध छोटे कीड़ों, एफिड्स और मिट्टी में पनपने वाले सूक्ष्म कीटों को पौधों से दूर रखने में बेहद प्रभावी साबित होती है. रासायनिक कीटनाशकों के बढ़ते इस्तेमाल के बीच लहसुन एक सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल विकल्प बनकर सामने आया है, जो मिट्टी की उर्वरता को नुकसान पहुंचाए बिना पौधों की रक्षा करता है. इसकी खासियत यह है कि यह कीड़ों को मारता नहीं बल्कि उन्हें पौधे से दूर रखता है, जिससे पौधे की प्राकृतिक वृद्धि बनी रहती है और मिट्टी का जैविक संतुलन भी सुरक्षित रहता है.

यदि आप चाहते हैं कि पौधों की जड़ों को दीमक, कीड़े या अन्य नुकसानदायक जीवों से बचाया जा सके, तो लहसुन की कलियों का सीधा इस्तेमाल मिट्टी में किया जा सकता है. इसके लिए गमले या क्यारी की मिट्टी में 2 से 3 लहसुन की कलियों को लगभग 1 से 2 इंच गहराई में दबा देना चाहिए. ऐसा करने से लहसुन की गंध धीरे-धीरे मिट्टी में फैलती रहती है, जो जड़ों के आसपास एक सुरक्षा कवच तैयार कर देती है। यह प्राकृतिक गंध कीड़ों को वहां बसने से रोकती है और पौधों की जड़ें स्वस्थ रहती हैं. यह तरीका खासतौर पर गुलाब, टमाटर और सब्जी वाले पौधों के लिए काफी लाभकारी माना जाता है.

पत्तियों को चूसने वाले कीड़ों से बचाने के लिए लहसुन का स्प्रे सबसे ज्यादा असरदार माना जाता है और इसे घर पर बेहद आसानी से तैयार किया जा सकता है. इसके लिए 4 से 5 लहसुन की कलियों को अच्छी तरह पीसकर एक लीटर पानी में मिला दें और इस मिश्रण को लगभग 12 घंटे तक ढककर रख दें. इससे लहसुन के सक्रिय तत्व पानी में घुल जाते हैं और एक शक्तिशाली प्राकृतिक कीटनाशक तैयार हो जाता है. तय समय के बाद इस घोल को कपड़े से छानकर स्प्रे बोतल में भर लें. इस स्प्रे का उपयोग सप्ताह में एक बार पौधों की पत्तियों पर करने से कीड़े पत्तियों पर चिपक नहीं पाते और पौधे की वृद्धि बेहतर बनी रहती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

लहसुन स्प्रे के नियमित उपयोग से न केवल कीड़ों की संख्या कम होती है बल्कि पत्तियों के मुड़ने, पीले पड़ने और फंगस जैसी समस्याओं में भी राहत मिलती है. यह प्राकृतिक घोल पौधों की प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करता है, जिससे उनमें आने वाले फूल अधिक बड़े, चमकदार और स्वस्थ होते हैं. हालांकि स्प्रे का उपयोग करते समय यह ध्यान रखना जरूरी है कि इसे हमेशा शाम के समय ही छिड़कें, क्योंकि तेज धूप में इसका उपयोग करने से पत्तियां झुलस सकती हैं. पहली बार इस्तेमाल करते समय पूरे पौधे पर स्प्रे करने के बजाय एक पत्ती पर परीक्षण करना बेहतर होता है, ताकि किसी भी संभावित नुकसान से बचा जा सके.

लहसुन के साथ नीम का तेल भी एक प्रभावी प्राकृतिक उपाय है. एक लीटर गुनगुने पानी में एक चम्मच नीम का तेल और दो से तीन बूंद लिक्विड सोप मिलाकर तैयार घोल का छिड़काव करने से मिलीबग और चिपचिपे कीड़े तेजी से खत्म होते हैं. यह घोल कीड़ों के जीवन चक्र को तोड़ देता है, जिससे वे दोबारा पैदा नहीं हो पाते. रसायनों की बजाय ऐसे घरेलू उपाय अपनाने से न केवल खर्च कम होता है बल्कि घर के बच्चों और पालतू जानवरों की सुरक्षा भी बनी रहती है. थोड़ी सी सावधानी और नियमित उपयोग से आपका गार्डन लंबे समय तक हरा-भरा और स्वस्थ बना रह सकता है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.