Last Updated:
Jaggery Storage Tips: सर्दियों का पसंदीदा गुड़ अक्सर गर्मियों की दस्तक देते ही खराब होने लगता है. हवा में बढ़ती नमी के कारण गुड़ का पिघलना, चिपचिपा होना या उसमें फफूंदी लगना एक आम समस्या है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि हमारे गांवों में आज भी गुड़ को सालों-साल ताजा रखने का एक जादुई तरीका मौजूद है. बिना किसी फ्रिज या केमिकल के भी आप गुड़ को स्टोर कर सकते है. ये तकनीक न केवल इसका स्वाद बरकरार रखती है, बल्कि इसके औषधीय गुणों को भी सुरक्षित रखती है.
सर्दियों में तो गुड़ हर घर की शान होता है और जल्दी खराब भी नहीं होता, लेकिन जैसे ही गर्मी और बारिश का मौसम आता है, गुड़ के लिए मुसीबत शुरू हो जाती है. हवा की नमी की वजह से गुड़ पिघलने लगता है, चिपचिपा हो जाता है और कभी-कभी तो उसमें फफूंदी भी लग जाती है. अगर आप चाहते हैं कि आपके गुड़ का स्वाद और शुद्धता गर्मियों में भी वैसी ही बनी रहे, तो उसे स्टोर करने का सही तरीका जानना बहुत जरूरी है. कुछ आसान और पारंपरिक उपायों से आप गुड़ को खराब होने से बचा सकते हैं.

स्टोर करने से पहले यह देख लें कि गुड़ अच्छी क्वालिटी का और सूखा हो. गुड़ में कहीं भी पानी, सफेद दाग या फफूंदी नहीं होनी चाहिए. ध्यान रखें कि गुड़ सख्त और ठोस हो, ज्यादा नरम गुड़ जल्दी खराब होता है. अगर गुड़ थोड़ा गीला लग रहा है, तो उसे हल्की धूप में थोड़ी देर सुखा लें. पर ध्यान रहे, ज्यादा देर धूप में रखने से वह पिघल भी सकता है, इसलिए बस नमी खत्म होने तक ही रखें.

गुड़ को सीधे डिब्बे में रखने के बजाय पहले उसे अखबार या ब्राउन पेपर में अच्छे से लपेटें. पेपर की दो-तीन परतें (लेयर) कर दें ताकि हवा अंदर न जा सके. पेपर की खासियत यह है कि वह बाहरी नमी को खुद सोख लेता है और गुड़ तक पहुंचने नहीं देता. इससे गुड़ अंदर से सूखा और फ्रेश बना रहता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

जब गुड़ को पेपर में अच्छे से लपेट लें, तो उसे किसी मजबूत धागे या सुतली से कसकर बांध दें. गांठ ऐसी लगाएं कि पेपर कहीं से भी ढीला न रहे. इससे गुड़ एक सुरक्षित पैकेट की तरह तैयार हो जाएगा और बाहर की हवा का उस पर कोई असर नहीं होगा.

यह गुड़ बचाने का सबसे कारगर और पारंपरिक तरीका है जो गांवों में आज भी मशहूर है. एक साफ ड्रम या बोरी में गेहूं या धान भरें और पेपर में लिपटा हुआ गुड़ उसके बीच में दबा दें. ऊपर से फिर अनाज डालकर उसे पूरी तरह ढक दें. अनाज नमी को पूरी तरह सोख लेता है और गुड़ को एकदम सूखा माहौल देता है. इस तरीके से गुड़ महीनों तक खराब नहीं होता.

गुड़ का ड्रम हमेशा ऐसी जगह रखें जो सूखी और ठंडी हो. इसे सीधी धूप से बचाकर रखें और रसोई के सिंक या बाथरूम जैसी नमी वाली जगहों से दूर रखें. घर का स्टोर रूम या कोई ऊंचा कोना इसके लिए सबसे अच्छा रहता है.

गुड़ सिर्फ एक मीठा व्यंजन नहीं है, बल्कि यह सेहत के लिए वरदान है. यह पाचन सुधारता है, शरीर को एनर्जी देता है और खून की कमी को दूर करने में भी मदद करता है. लेकिन अगर गुड़ खराब हो जाए, तो उसका स्वाद भी बिगड़ जाता है और वह फायदे की जगह नुकसान कर सकता है. इसलिए गुड़ को सही तरह से संभालना बहुत जरूरी है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.