भीलवाड़ा: शराब समझकर तरल पदार्थ पीने से 4 लोगों की मौत हो गई. भीलवाड़ा जिले के गंगापुर थाना क्षेत्र के आलोली गांव में हुआ ये हादसा. शादी समारोह में काम कर लौटे चार लोगों ने बर्तन धोने का तरल पदार्थ शराब समझकर पी लिया, जिससे उनकी मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार, गंगापुर थाना क्षेत्र के आलोली गांव में 9 और 10 जनवरी को एक शादी समारोह का आयोजन हुआ था. यहां माधोपुर निवासी रतन कंजर और अन्य महिलाओं ने बर्तन साफ करने का ठेका लिया था. काम खत्म होने के बाद ये लोग वहां से बर्तन धोने का तरल पदार्थ और खाना गर्म करने के लिए इस्तेमाल होने वाला फ्यूल अपने साथ ले आए थे.
शराब समझकर किया सेवन, बिगड़ी तबीयत
गुरुवार देर रात घर पहुंचने पर इन लोगों ने उस केमिकल (एसिड/फ्यूल) को शराब समझकर पी लिया. सेवन के कुछ ही देर बाद सभी की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी. देखते ही देखते तीन महिलाओं सहित चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- रतन कंजर (पुत्र मसरिया कंजर)
- सुशीला देवी
- जमनी देवी (पत्नी शंकर कंजर)
- बदामी देवी कंजर
प्रशासनिक अमले में हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (SP) धर्मेंद्र सिंह यादव तुरंत मौके पर पहुंचे. इस हादसे के बाद पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग में हड़कंप मच गया है. पुलिस की एक टीम उस दुकान पर भी पहुंची है जहां से यह एसिड/फ्यूल खरीदा गया था.
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम
भीलवाड़ा एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि मृतकों ने खाना गर्म करने वाले फ्यूल को गलती से शराब समझ लिया था.
पुलिस मामले की हर एंगल से विस्तृत जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि यह फ्यूल असल में क्या था और कहां से मंगवाया गया था. फिलहाल चारों शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.