बेगूसराय डीएम श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में आज जीविका की समीक्षात्मक बैठक कारगिल विजय सभा भवन में हुई। बैठक में जीविका की ओर से जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जीविका के डीपीएम अविनाश कुमार ने जिले में संचालित गतिविधियों, उपलब्धियों और भावी रणनीतियों पर विस्तार से प्रस्तुति दी। बैठक के दौरान महिला सशक्तीकरण, स्वावलंबन, आजीविका संवर्धन और स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों पर चर्चा की गई। डीएम ने योजनाओं के समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लाभार्थियों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सूक्ष्म उद्यमों को प्रोत्साहित करने पर विशेष बल डीएम ने छोटे और सूक्ष्म उद्यमों को प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने परंपरागत गतिविधियों से आगे बढ़ते हुए हस्तशिल्प कला और नवाचार आधारित उद्यमों को बढ़ावा देने का निर्देश दिया। साथ ही कृषि, गैर-कृषि, पशुपालन और कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों के विस्तार के साथ-साथ उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग को सुदृढ़ करने पर जोर दिया। बैठक में प्रखंड स्तर पर संचालित कार्यों की प्रगति, चुनौतियों और आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। डीएम ने कार्यों की गुणवत्ता और नियमित अनुश्रवण की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक को दिया। बैठक में जीविका के जिला, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.