Last Updated:
Significance of Holika Dahan and Holi Story: होलिका दहन बुराई पर अच्छाई और भक्त प्रह्लाद की अटूट आस्था की जीत का प्रतीक है. यह पर्व न केवल अहंकार के विनाश की याद दिलाता है, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और सकारात्मकता के रंगों को भरने का आध्यात्मिक संदेश भी देता है.
Significance of Holika Dahan and Holi Story: होली भारत का एक ऐसा पावन और उल्लासपूर्ण पर्व है, जो केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आस्था, भक्ति, प्रेम और सत्य की शक्ति का प्रतीक है. पण्डित रघुनंदन शर्मा के अनुसार, होलिका दहन का इतिहास प्राचीन काल के राक्षस राजा हिरण्यकश्यप से जुड़ा है. हिरण्यकश्यप ने अपनी तपस्या के बल पर अजेय होने का वरदान पा लिया था, जिससे उसका अहंकार इतना बढ़ा कि वह खुद को ईश्वर मानने लगा. उसने आदेश दिया कि पूरे राज्य में केवल उसी की पूजा हो. लेकिन उसके अपने ही पुत्र प्रह्लाद ने इस आदेश को मानने से इनकार कर दिया. प्रह्लाद भगवान विष्णु के परम भक्त थे और हर कष्ट में नारायण का ही नाम जपते थे. यह विद्रोह हिरण्यकश्यप को सहन नहीं हुआ और उसने अपने ही पुत्र को मारने की कई साजिशें रचीं.
जब हिरण्यकश्यप के तमाम प्रयास विफल रहे, तो उसने अपनी बहन होलिका का सहारा लिया. होलिका को यह वरदान प्राप्त था कि वह अग्नि में नहीं जलेगी. योजना के अनुसार, होलिका प्रह्लाद को गोद में लेकर धधकती अग्नि की चिता पर बैठ गई. उसका मानना था कि प्रह्लाद जलकर राख हो जाएगा और वह सुरक्षित बच जाएगी. लेकिन ‘जाको राखे साइयां, मार सके न कोय’ की उक्ति चरितार्थ हुई. भगवान विष्णु की कृपा से प्रह्लाद सुरक्षित बच निकले और वरदान के गलत इस्तेमाल के कारण होलिका स्वयं अग्नि में भस्म हो गई. यह घटना हमें सिखाती है कि अधर्म और अन्याय चाहे कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, ईश्वर की शरण में रहने वाले भक्त का कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता.
प्रकृति का उत्सव और सामाजिक सौहार्द
सांस्कृतिक दृष्टि से देखें तो होली बसंत ऋतु के आगमन और नई फसलों की कटाई का उत्सव भी है. फाल्गुन मास में जब प्रकृति नवजीवन से सराबोर होती है और खेतों में फसलें लहलहाती हैं, तब यह उत्सव उल्लास को दोगुना कर देता है. प्राचीन काल में यह फूलों से मनाया जाने वाला पर्व था, जो समय के साथ रंगोत्सव में बदल गया. ब्रज की होली, जहाँ भगवान कृष्ण ने गोपियों के साथ प्रेम और भक्ति के रंग बिखेरे थे, आज भी विश्व प्रसिद्ध है. यह त्योहार समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में पिरोता है. आपसी गिले-शिकवे भुलाकर गले मिलना और एक-दूसरे को गुलाल लगाना इस बात का प्रतीक है कि मानवता और प्रेम ही श्रेष्ठ धर्म है.
होली का आध्यात्मिक दर्शन
आध्यात्मिक नजरिए से होलिका दहन केवल लकड़ी जलाने की परंपरा नहीं है, बल्कि अपने भीतर के विकारों को नष्ट करने का संकल्प है. पण्डित रघुनंदन शर्मा बताते हैं कि हमें अपने भीतर छिपे क्रोध, लोभ, ईर्ष्या और अहंकार को होलिका की अग्नि में समर्पित कर देना चाहिए. होली के रंग जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और भाईचारे का संचार करते हैं. आज के भागदौड़ भरे जीवन में जब दूरियां बढ़ रही हैं, तब होली रिश्तों को दोबारा मधुर बनाने का अवसर देती है. यह हमें संदेश देती है कि कठिन परिस्थितियों में भी यदि हमारी आस्था अडिग है, तो अंत में धर्म और सत्य की ही जीत होगी.
About the Author
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a seasoned multimedia journalist and digital content specialist with 8 years of experience across digital media, social media management, video production, editing, content…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.