डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र के कोकापुर गांव में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की हत्या का मामला सामने आया। पड़ोसी युवक दिनेश पाटीदार ने हत्या कर शव को सड़क किनारे खाई में फेंक दिया। वारदात के दो दिन बाद आरोपी ने रविवार को पुलिस थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया, जिससे पुलिस भी एकबारगी सन्न रह गई। पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर लिया है।
आरोपी ने थाने में किया सरेंडर
सागवाड़ा थानाधिकारी मनीष खोईवाल ने बताया कि दिनेश पाटीदार ने पुलिस को बताया कि उसने अपने पड़ोसी तिलेश पाटीदार की हत्या की है और शव को कालीघाटी में सड़क किनारे खाई में फेंक दिया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण भी किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़ें: बकरियों के चारा लेने गए युवक पर लेपर्ड ने किया हमला, बचने के लिए पशुपालक ने तेंदुए पर किया हमला
हत्या के पीछे प्रेम संबंध का मामला
आरोपी दिनेश पाटीदार ने बताया कि तिलेश पाटीदार की उसकी भाभी के साथ अवैध संबंध थे। इसी कारण उसने 6 फरवरी को तिलेश की हत्या की और शव को खाई में फेंक दिया। पुलिस ने घटना स्थल कालीघाटी पर जाकर शव बरामद किया। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। घटना स्थल पर एफएसएल टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। शव को सागवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और पोस्टमार्टम सोमवार को किया जाएगा।