यमुनानगर में एनएच-344 पर गांव सुढैल के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी सुरज टोपो (32) के रूप में हुई है। वह जम्मू कश्मीर में माल का काम करता था। सुरज की मौत की सूचना मिलने पर पश्चिम बंगाल से उसके परिजन यमुनानगर पहुंचे और फर्कपुर थाना पुलिस को शिकायत सौंपकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रेन में बैग छूट गया था शिकायतकर्ता आर्यन कारवा निवासी नागराकाटा नया सैली चाय बागान, जिला जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल) ने अपने बयान में बताया कि वह मेहनत-मजदूरी का काम करता है। उसका चचेरा भाई सुरज टोपो पेशे से माली था और करीब एक वर्ष से जम्मू-कश्मीर में माली का काम कर रहा था। सुरज टोपो चार भाई-बहन थे। लगभग एक माह पहले वह अपने घर नागराकाटा, जलपाईगुड़ी परिवार से मिलने आया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, सुरज टोपो दिनांक 11 जनवरी को न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार होकर वापस जम्मू-कश्मीर अपने काम पर जाने के लिए निकला था।15 जनवरी की शाम को सुरज टोपो की अपनी बहन निशा करवा से मोबाइल फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें सुरज ने बताया था कि उसका बैग ट्रेन में छूट गया है। अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई मौत इसके बाद दिनांक 16 जनवरी को यमुनानगर पुलिस द्वारा फोन पर सूचना दी गई कि सुरज टोपो का यमुनानगर क्षेत्र में किसी अज्ञात वाहन से एक्सीडेंट हो गया है और दुर्घटना में लगी गंभीर चोटों के कारण उसकी मृत्यु हो गई है। इस सूचना के बाद शिकायतकर्ता आर्यन कारवा सोमवार शाम अपने चचेरे भाई अनिकेत कछवा पुत्र एतवा कछवा के साथ यमुनानगर पहुंचा। सिविल अस्पताल यमुनानगर के शवगृह में रखे शव को देखा गया, जो अज्ञात वाहनों से कुचले जाने के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में था। कपड़ों और जूतों से हुई पहचान शिकायतकर्ता ने शव पर पहने कपड़ों और जूतों के आधार पर शव की पहचान अपने चाचा के बेटे सुरज टोपो के रूप में की। इसके साथ-साथ पुलिस द्वारा शव के पास से बरामद पर्स दिखाया गया, जिसमें आधार कार्ड, उसकी फोटो, एटीएम कार्ड, वोटर कार्ड तथा टूटा हुआ सैमसंग मोबाइल फोन मौजूद था। इन सभी वस्तुओं को देखकर भी मृतक की पहचान सुरज टोपो के रूप में की। शिकायतकर्ता ने अपने बयान में स्पष्ट रूप से आरोप लगाया कि यह दुर्घटना किसी अज्ञात वाहन चालक द्वारा तेज गति, गफलत और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुई है। पुलिस द्वारा शिकायत प्राप्त होने पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.