पिथौरागढ़ जिले के पुंगराऊं घाटी के पांखू क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री से आक्रोशित महिलाओं ने चेतावनी रैली निकाली। उन्होंने अवैध रूप से शराब बेचने वालों को समय रहते संभल जाने दो टूक नसीहत दी।
महिलाओं ने हाथों में पोस्टर लेकर शराब माफिया होश में आओ, शराब नहीं विकास चाहिए, शराब पी और पिलाई तो खैर नहीं, शराब बेची और पी तो होगा उसका सामाजिक बहिष्कार के नारे जमकर लगाए। जिला पंचायत सदस्य विमला देवी के नेतृत्व में निकाली रैली पंचायत घर से पांखू बाजार तक पहुंची। आक्राेशित महिलाओं का कहना है कि बाहरी क्षेत्र से वाहनों में लाकर शराब यहां बेची जा रही है। इससे युवाओं के साथ ही गरीब परिवार बेहद प्रभावित हो रहे हैं। शादी और अन्य समारोहों में शराब के अधिक प्रचलन से लोगों में आपसी कलह हो रहे हैं।
बता दें कि पांखू क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए महिला मंगल दल ने पिछले तीन हफ्ते से कमर कसी है। महिलाओं ने पूर्व में दो बैठकों में प्रस्ताव पारित कर ऐलान किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री करते पकड़े जाने वालों पर तीस हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। शादी समारोह में शराब पीने और पिलाने वाले का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। रैली में भट्टी गांव की प्रधान सोनी रौतेला, लछिमा की प्रधान पूजा पाठक, बैरात जुब्बर की प्रधान जानकी देवी, भावना भट्ट, किरन कार्की, नंदी देवी, पार्वती जोशी, नेहा जोशी, मंजू, गीता, मोहनी, गोविंदी, मुन्नी देवी, मीनाक्षी जोशी, मोहनी जोशी, प्रीति समेत कई महिलाएं शामिल रहीं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.