जिले के वन क्षेत्रों में जंगली हाथियों की आमद ने ग्रामीण इलाकों में हड़कंप मचा दिया है। जानकारी के अनुसार हाथियों का दल वन मंडल उत्तर शहडोल से निकलकर वन मंडल सीधी होते हुए मैहर वन क्षेत्र में पहुंचा है। वन विभाग ने अब तक दो हाथियों की आधिकारिक पुष्टि की है, हालांकि स्थानीय स्तर पर संख्या अधिक होने की आशंका भी जताई जा रही है।
रामनगर तहसील के ग्राम भैंसरा, मनकेश्वर और सरिया सहित आसपास के क्षेत्रों में हाथियों का मूवमेंट दर्ज किया गया है। ग्रामीणों ने देर रात खेतों और वन सीमाओं के पास हाथियों की आवाजाही देखी, जिसके बाद वन अमला और प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक दल में शामिल एक हाथी पर ट्रैकर लगाया गया है। जीपीएस सिस्टम के माध्यम से उसकी लोकेशन लगातार मॉनिटर की जा रही है। विशेषज्ञों की टीम हाथियों की दिशा, रफ्तार और संभावित मार्ग का आकलन कर रही है, ताकि उन्हें आबादी से दूर सुरक्षित जंगल क्षेत्र की ओर मोड़ा जा सके।
बिजली सप्लाई बंद, गश्त तेज
किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए प्रभावित ग्रामीण इलाकों में अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है। खुले तार या ट्रांसफॉर्मर के संपर्क में आने से हाथियों या लोगों को नुकसान न पहुंचे, इसके लिए यह कदम उठाया गया है। वन विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। लाउड स्पीकर के माध्यम से लोगों को घरों में रहने, खेतों में अकेले न जाने और रात में बाहर न निकलने की हिदायत दी जा रही है।
ये भी पढ़ें: Vidisha News: रोजगार के झांसे में महाराष्ट्र ले जाई गईं महिला मजदूर, 5 महिलाओं और 4 बच्चों सकुशल रेस्क्यू
फसलों को नुकसान
कुछ किसानों की खड़ी फसलों को हाथियों के इस मूवमेंट से नुकसान पहुंचा है, हालांकि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है, जो राहत की बात है। प्रशासन ने प्रभावित किसानों को आश्वस्त किया है कि सर्वे के बाद नियमानुसार मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
वन विभाग की विशेष टीम हाथियों को बिना किसी नुकसान के प्राकृतिक आवास की ओर वापस ले जाने की रणनीति पर काम कर रही है। आवश्यकता पड़ने पर ड्रोन सर्विलांस और अतिरिक्त बल की मदद भी ली जा सकती है। अधिकारियों का कहना है कि हाथियों को उकसाने या घेरने की कोशिश न की जाए, क्योंकि इससे वे आक्रामक हो सकते हैं।
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें हाथियों के पास जाने या वीडियो बनाने की कोशिश न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से सतर्क रखें। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है लेकिन प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि किसी भी तरह की जनहानि या बड़ी क्षति से बचा जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.