अपराधी चाहे जितना शातिर हो, कुछ न कुछ सुराग तो छोड़ ही देता है। कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में किए गए ब्लाइंड मर्डर केस में भी ऐसा ही रहा। पूरी वारदात को बेहद शातिराना अंदाज में अंजाम दिया था। पुलिस ने जब 21 दिन बाद पूरी वारदात से पर्दा हटाया तो ऐसा लगा की सामने कोई प्यार, दोस्ती, धोखा व हत्या पर आधारित अपराधिक धारावाहिक चल रहा हो।
आरोपी ने इस हत्या को अंजाम देने के लिए अपने दोस्त व उसके भाई की मदद ली और अपने दोस्त को शराब पिलाने के बहाने पानीपत से कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में ले जाकर अपनी प्रेमिका को दी हुई प्रताड़ना को याद करते हुए निर्मम तरीके से मौत के घाट उतार दिया। युवक के मरने के बाद मन के अंदर का गुस्सा कुछ शांत हुआ तो पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने कोई सुराग न बचे इसके लिए मृतक का सिर धड़ से अलग कर दिया और सन्निहित सरोवर में फेंक दिया। पुलिस की पांच टीमों ने 21 दिन तक 200 से ज्यादा सीसीटीवी व जयपुर तक की दूरी नापने के बाद दो आरोपियों को धर दबोचा। इसके बाद आरोपियों ने जो कहानी बताई, उसे सुनकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
हत्या का आरोपी मृतक सुनील की पत्नी का प्रेमी
पुलिस पूछताछ में आरोपी मोहित ने बताया कि पानीपत के खोजकीपुर के रहने वाले मृतक दिव्यांग सुनील का दोस्त था और सुनील की पत्नी से प्रेम करता था। सुनील के दो बच्चे हैं। वह अक्सर अपनी पत्नी के साथ शराब पीकर मारपीट करता था और कई बार मारपीट करने के बाद सर्द रात में कमरे के बाहर खड़ा कर देता था। यह सब बात मोहित को उसकी प्रेमिका (सुनील की पत्नी) जब सुनाती तो वह इस सब के लिए अपने आप को कोसता। क्योंकि सुनील ने अपने नाम पर मोहित को एक मोटरसाइकिल ईएमआई पर दिलवा रखी थी, जिसकी एवज में मृतक सुनील मोहित पर हर रोज शराब के पैसे देने के लिए दबाव डालता था। पैसे न देने पर मोटरसाइकिल छिनने व पुलिस में चोरी की शिकायत दर्ज करवाने की धमकी देता था।
ऐसे में जब मोहित को उसकी प्रेमिका अपने पति की क्रूरता की कहानी उसे सुनाती तो उसके रोम-रोम में आग लग जाती। इसके बाद मोहित ने अपने दोस्त हड़ताड़ी गांव के रहने वाले मंजीत सिंह उर्फ काकू व उसके भाई अंकुश उर्फ अंकित के साथ पूरी योजना बनाई। अब पुलिस की सीआईए दो व थाना कृष्णा गेट की टीम ने पूरे मामले की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य आरोपी मोहित व हड़ताड़ी गांव के रहने वाले मंजीत सिंह उर्फ काकू को गिरफ्तार किया है।
पहले करनाल में हत्याकांड को अंजाम देने का था इरादा
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 29 दिसंबर की रात को मृतक सुनील कुमार, आरोपी मोहित, आरोपी मंजीत उर्फ काकू, आरोपी अंकुश उर्फ अंकित सभी रेल मार्ग से पहले शराब पीने के लिए करनाल पहुंचे। वहां आरोपियों को वारदात को अंजाम देने के लिए कोई उचित स्थान नहीं मिला तो आरोपियों ने कुरुक्षेत्र में आने का प्लान बनाया। यहां पहुंचकर आरोपियों ने एक होटल में खाना खाया। इसके बाद योजना के अनुसार थीम पार्क में पहुंचकर और शराब पी। इसके बाद पानीपत से ही खरीदे चाकू से सुनील की निर्मम तरीके से हत्या कर दी। हत्या के बाद सुनील का सिर धड़ से अलग करके मोहित की चादर में लपेट कर सन्निहित सरोवर में फेंक दिया।
184 दिव्यांग लोगों से साधा संपर्क, सुनील का मोबाइल मिला बंद
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने पत्रकारों से चर्चा में बताया कि सुनील के शव से थोड़ी दूर उसकी नकली दाहिनी टांग जयपुर मार्का की मिली थी। इसी आधार पर पुलिस ने विकलांग समिति जयपुर में संपर्क किया तो समिति से प्रदेश में 184 लोगों के दाहिनी टांग लगवाने की सूची प्राप्त पुलिस ने सभी 184 लोगों से संपर्क किया। सुनील का मोबाइल बंद आ रहा था तो टीम खोजकीपुर पहुंची और घर जाकर पता किया। मृतक सुनील के पिता ने उसे धड़ व सरोवर से बरामद सिर से सुनील को पहचान लिया। टीम को पिता ने बताया कि उन्होंने इस सुनील के लापता होने की गुमशुदगी पानीपत के बापौली थाना में चार जनवरी को दर्ज भी करवाई थी। मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस पूरे मामले में एक एक के बाद कड़ी जोड़ती गई और पूरे मामले की गुत्थी सुलझा दी।
दाहिनी टांग की जगह बाई टांग से दिव्यांग होने की दी जानकारी
थाना कृष्णा गेट के प्रभारी बलजीत सिंह ने बताया कि आरोपी मोहित हत्याकांड को अंजाम देने के बाद हर कदम फूंक-फूंक कर रख रहा था। इसलिए उसे जब पता चला की पुलिस थीम पार्क में मिले धड़ की शिनाख्त के लिए सिर्फ हर थाने में यह जानकारी दे रही है कि मृतक दाहिनी टांग से दिव्यांग तो मोहित ने सुनील के पिता से जाकर पूछा की सुनील का कोई सुराग मिला। पिता न करने पर वह सुनील के पिता के साथ जाकर थाने में सुनील के दाहिनी टांग से दिव्यांग होने की जगह बाई टांग से दिव्यांग होना दर्ज करवा आया। ताकि पुलिस के पास जब उसकी दाहिनी टांग की सूचना आएगी तो पुलिस बाई टांग दर्ज होने पर इसकी पुष्टी न करे। इसके बाद भी पानीपत पुलिस ने भी बाई टांग की जानकारी होने के चलते। सूचना होने पर कुरुक्षेत्र पुलिस से कोई संपर्क नहीं साधा।
तीसरे आरोपी की तलाश जारी : मोहन लाल
सीआईए दो प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि अब तक हत्या को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को काबू कर लिया गया है। जल्द ही तीसरे आरोपी को काबू कर लिया जाएगा। वहीं अभी तक की जांच व पूछताछ में मृतक की पत्नी का साजिश रचने में हाथ सामने नहीं आया है। परंतु मोहित ने पत्नी के साथ अवैध संबंध की बात कबूल की है। इसलिए पत्नी से भी पूछताछ की जा रही है। अगर कहीं कुछ संदिग्ध नजर आया तो हिरासत में ली जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.