मधेपुरा के मुरलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भैरोपट्टी गांव की एक महिला की हत्या के करीब एक सप्ताह बाद सोमवार को पूर्णिया सांसद पप्पू यादव परिजनों से मुलाकात की।
पप्पू यादव ने कहा कि यह अमानवीय और जघन्य अपराध हमारी सामाजिक चेतना पर गहरा आघात है। उन्होंने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और अपनी ओर से तत्काल 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की।
महिला के छह बच्चों के बालिग होने तक करेंगे सहायता
साथ ही यह भी आश्वासन दिया कि महिला के छह बच्चे पांच बेटियां एवं एक बेटा के बालिग होने तक प्रत्येक माह 10 हजार की सहायता राशि नियमित रूप से उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी।
उन्होंने मधेपुरा के वरीय पुलिस अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, स्पीडी ट्रायल के माध्यम से तीन माह के भीतर कठोरतम सजा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
पीड़ित परिवार के लिए 20 लाख रुपये मुआवजा की मांग
उन्होंने बिहार सरकार से पीड़ित परिवार को अविलंब 20 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की, ताकि इस दुख की घड़ी में परिवार को आर्थिक और सामाजिक संबल मिल सके।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। दरअसल, 6 जनवरी को भैरवपट्टी गांव में एक विधवा महिला का शव भूसा घर से बरामद हुआ था।
भूसा घर से दुर्गंध आने के बाद लोगों को हुई जानकारी
महिला की हत्या कर शव को छिपा दिया गया था। भूसा घर से दुर्गंध आने के बाद लोगों को इसकी जानकारी मिली। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों का आरोप है कि जीतापुर रामसिंह टोला निवासी चंदन कुमार और कुंदन कुमार अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर महिला की हत्या की है।
घटना के बाद मृतका के पिता ने मुरलीगंज थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पिता का आरोप है कि 30 दिसंबर की कुंदन, चंदन एवं अन्य दो लड़का उनकी पुत्री को बंधुआ मजदूर बनकर आजीवन रहने के लिए दबाव बना रहे थे।
3 जनवरी की रात से उनकी बेटी थी गायब
जब उनकी बेटी आजीवन उसके यहां मजदूरी करने से मना कर दी तो आरोपियों ने धमकी दिया था कि जान से मार देंगे। 3 जनवरी की रात से उनकी बेटी गायब थी। 5 जनवरी को आरोपियों ने मेरी नतनी को जान से मारने की कोशिश की, तब ग्रामीणों द्वारा उसे बचाया गया।
पिता का आरोप है कि कुंदन कुमार, चंदन कुमार तथा उनके अन्य साथियों ने मिलकर षड्यंत्र कर उनकी बेटी से बलात्कार कर उसकी हत्या कर लाश को घर से 500 मीटर दूर भूसा घर में छिपा दिया था।इसके बाद आरोपी लगातार फरार चल रहे थे।
एएसपी बोले-फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापामारी
एएसपी प्रवेंद्र भारती ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने मेरे नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया था। गठित टीम ने सोमवार को अभियुक्त चंदन कुमार एवं कुंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। शेष फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.