बलरामपुर रामानुजगंज जनपद पंचायत वाड्रफनगर में शासकीय राशि के गबन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) श्रवण मरकाम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपी पर करीब 30 लाख रुपए की शासकीय राशि की हेराफेरी का आरोप है। जानकारी के अनुसार, श्रवण मरकाम साल 2013-14 में जनपद पंचायत वाड्रफनगर में CEO के पद पर पदस्थ थे। उसी दौरान कूटरचित दस्तावेज तैयार कर शासकीय राशि का गबन किए जाने की शिकायत सामने आई थी। लंबे समय से चल रहे थे फरार मामले की जांच में आरोपी श्रवण मरकाम दोषी पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से फरार चल रहे थे। वाड्रफनगर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। इस प्रकरण में पूर्व में चार अन्य आरोपियों को भी जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, यह मामला वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र का है और आगे की विवेचना जारी है। जांच के दौरान अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.