Udaipur News : उदयपुर के केवड़ी जंगल में मिली महिला की लाश के मामले में पुलिस में बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने इस मामले का खुलासा कर हत्या के आरोपी को पकड़ लिया है. महिला की हत्या उसके ही पति ने ही गुस्से में आकर कर दी थी. बाद में वह ससुराल वालों को बेवकूफ बनाता रहा. जानें क्या है पूरा मामला.
उदयपुर. उदयपुर के पानरवा थाना इलाके के केवड़ी के जंगलों में शनिवार को मिली महिला की लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस महिला की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके ही पति ने की थी. पुलिस ने तत्काल एक्शन करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह घरेलू कलह और पत्नी का बार-बार पीहर में रहना सामने आई है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे उसके परिजनों को सौंप दिया है. पुलिस अब पूरे मामले की विभिन्न एंगल से जांच करने में जुटी है.
पुलिस ने बताया कि मृतका कालीबाई का शव शनिवार को केवड़ी के जंगल से बरामद किया गया था. उसके गले पर गला घोंटने के साफ निशान मिले थे. इससे प्रथम दृष्टया हत्या की पुष्टि हो गई थी. पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को स्थानीय अस्पताल भिजवाया. इस संबंध में मृतका के पिता ने पानरवा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि कालीबाई की शादी गांव के ही नकालाल से हुई थी. उनके दो बच्चे हैं. पिछले कुछ महीनों से घरेलू विवाद के चलते कालीबाई पीहर में रह रही थी.
एक दिन बाद शव जंगल में पड़ा मिला
शुक्रवार को सुबह वह बकरियां चराने जंगल गई थी. दोपहर में बकरियां लौट आईं लेकिन कालीबाई नहीं लौटी. इस पर परिवारवालों को चिंता हुई. उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर कालीबाई की तलाश शुरू की. ग्रामीणों से पता चला कि कालीबाई को उसके पति नकालाल के साथ जंगल में देखा गया था. परिजनों जब नकालाल से पूछताछ की तो वह इस बात से साफ मुकर गया. परिजनों ने उससे काफी पूछा लेकिन वह हर बात पर टालमटोल करता रहा. उसके बाद शनिवार को सुबह कालीबाई का शव जंगल में पड़ा मिला.
आरोपी ने पुलिस के सामने कबूला जुर्म
इस पर परिजनों ने सीधे उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया. इस बीच नकालाल फरार हो गया. उसके बाद पुलिस ने आरोपी नकालाल की तलाश के लिए केवड़ी जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया. रविवार शाम को उसे डिटेन कर लिया गया. पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसकी पत्नी बार-बार पीहर जाती थी. वह ससुराल वालों को उसे वापस भेजने की कहता रहा. लेकिन उन्होंने उसे भेजा नहीं. इसी बात पर उसे गुस्सा आ गया. रंजिशवश उसने शुक्रवार को कालीबाई का जंगल में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. हत्या की इस वारदात का खुलासा होने के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा पड़ा है.
About the Author

संदीप राठौड़ ने वर्ष 2000 में भास्कर सुमूह से पत्रकारिता की जयपुर से शुरुआत की. बाद में कोटा और भीलवाड़ा में राजस्थान पत्रिका के रेजीडेंट एडिटर की जिम्मेदारी निभाई. 2017 से News18 के साथ नए सफर की शुरुआत की. वर…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.