भीलवाड़ा-अजमेर नेशनल हाईवे-48 पर सोमवार को मंदिर दर्शन के लिए जा रही तीन सहेलियों की यात्रा मातम में बदल गई। सरेरी ग्राम के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी एक्टिवा को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में रेखा (28) और सीता (36) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंचल नायक (25) गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
त्रिदेव महादेव मंदिर जा रही थी महिलाएं
गुलाबपुरा थाना के एएसआई महावीर सिंह ने बताया कि तीनों महिलाएं भीलवाड़ा की निवासी थीं। सोमवार को तीनों एक ही एक्टिवा पर सवार होकर करीब 48 किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध त्रिदेव महादेव मंदिर में दर्शन के लिए निकली थीं। सरेरी के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक्टिवा सड़क पर घिसटती चली गई और तीनों महिलाएं दूर जा गिरीं।
चंचल की हालत नाजुक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल चंचल नायक को 108 एंबुलेंस की मदद से भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर उसे उदयपुर के महाराणा भूपाल अस्पताल रेफर कर दिया गया। रेखा और सीता के शवों को रायला के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
अस्पतला पहुंचे परिजन
घटना की जानकारी मिलने के बाद तीनों महिलाओं के परिजन अस्पताल और थाने पहुंचे। एएसआई महावीर सिंह ने बताया कि हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक फरार हो गया। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज और टोल नाकों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है और आरोपी वाहन चालक की तलाश तेज कर दी गई है।
ये भी पढ़ें: बूंदी में पुलिस एस्कॉर्ट वाहन को ट्रेलर ने मारी टक्कर, चार जवान घायल, तीन की हालत गंभीर
पुलिस ने लोगों से की अपील
स्थानीय लोग बताते हैं कि यह इलाका दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन चुका है, जहां तेज रफ्तार वाहन अक्सर हादसों का कारण बनते हैं। उन्होंने प्रशासन से स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और नियमित पुलिस गश्त की व्यवस्था करने की मांग की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि हाईवे पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और दोपहिया वाहन पर हेलमेट का उपयोग करें। साथ ही, यदि किसी को हादसे में शामिल वाहन के बारे में जानकारी मिले तो तुरंत गुलाबपुरा थाने को सूचित करें।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.