नोएडा में मजदूरी करने गए मैनाठेर क्षेत्र के चचेरे-तहरे भाइयों की दम घुटने से मौत हो गई। वह कमरे में अंगीठी जलाकर सोए थे। नगर पंचायत महमूदपुर माफी निवासी फुरकान (35) और साहिल (18) नोएडा में श्रमिक थे। वहीं नोएडा कमिश्नरेट पुलिस के मीडिया सेल ने घटना की जानकारी से इन्कार किया है।
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को पूरे दिन बारिश होने के कारण नोएडा में ठंड बढ़ गई थी। इस कारण दोनों रात में कमरे में अंगीठी जलाकर सोए थे। सोने से पहले उन्होंने फोन पर सारी स्थिति परिजनों को बताई थी। शनिवार सुबह परिजनों ने बेटे से बात करने के लिए फोन मिलाया तो उठा नहीं। दोनों के माता-पिता ने कई बार काॅल की। फोन न उठने पर नोएडा में ही इनके साथ मजदूरी करने वाले युवकों को जानकारी दी। साथियों ने कमरे पर जाकर देखा तो दरवाजे-खिड़की अंदर से बंद थे। वे दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो दोनों अचेत पड़े थे। उठाने की कोशिश के दौरान पता चला कि दोनों की मौत हो चुकी है।
कमरे में अंगीठी रखी हुई थी। इससे माना गया कि बंद कमरे में अंगीठी से निकले धुएं और गैस से दम घुटने के कारण उनकी जान चली गई। साथियों से यह जानकारी मिलते ही महमूदपुर माफी में दोनों परिवारों में चीख पुकार मच गई। शनिवार दोपहर बाद उनके शव गांव लाए गए और गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।