पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र में रविवार रात पशु तस्करी के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने माधोटांडा रोड स्थित रम्पुरा माइनर के पास बाइक सवार दो आरोपियों की घेराबंदी की थी। पुलिस को देखकर आरोपी भागे और फायरिंग करने लगे। जबाबी कार्रवाई में गोली लगने से दो आरोपी घायल हो गए। दोनों को सीएचसी पूरनपुर लाया गया।
घटना रविवार करीब साढ़े आठ बजे की है। पुलिस के अनुसार 25 दिसंबर को पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर मार्ग स्थित कुंडा पुल के नीचे प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष मिले थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। रविवार को टीम को सूचना मिली कि जिन आरोपियों ने अवशेष फेंके थे। वह फिर से प्रतिबंधित पशु को मारने की योजना बना रहे हैं।
दोनों आरोपियों को पैर में लगी गोली
इस सूचना पर पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए हुए स्थान रम्पुरा माइनर के निकट घेराबंदी की। कुछ देर बाद बाइक सवार दो लोग आते दिखाई दिए। जिन्हें रोकने पर वह माइनर के कच्चे रास्ते की ओर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जबावी कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने भी फायरिंग की। दोनों आरोपियों के बायें पैर में गोली लगी और उन्हें दबोच लिया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों से असलहा और पशु को मारने के उपकरण भी बरामद किए गए। आरोपियों की पहचान पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के लाइनपार साहूकारा निवासी अफजाल और बब्बू के रूप में हुई। टीम दोनों को लेकर उपचार के लिए पूरनपुर सीएचसी पहुंची। जहां उनका उपचार शुरू किया गया। सीओ प्रतीक दहिया ने बताया कि दो आरोपियों को पकड़ा गया है। रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।