ब्यावर |जवाजा थाना पुलिस ने एक स्कूली छात्र के साथ मारपीट करने, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 21 नवंबर को जवाजा थाना क्षेत्र में एक स्कूली छात्र छुट्टी के बाद अपने घर जाने के लिए स्कूल के बाहर खड़ा था, तभी मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने उसे जबरन बैठाया और सांगरवास की खानों में ले गए। वहां आरोपियों ने छात्र के साथ लात-घूसों और बेल्ट से मारपीट की। संवेदनहीनता की हदें पार करते हुए आरोपियों ने छात्र के कपड़े उतरवाकर उसका वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशन में टीम गठित की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने छात्र से मारपीट के आरोप में मुख्य अभियुक्त दिवराज सिंह पुत्र विक्रम सिंह, उम्र 20 वर्ष निवासी अनाकर व नेहपाल सिंह पुत्र गैन सिंह उम्र 22 वर्ष निवासी सांगरवास को पकड़ा है। कार्रवाई में जवाजा थानाधिकारी डॉ. नवल किशोर, एएसआई जय सिंह, कांस्टेबल विजय कुमार और सुशील कुमार शामिल रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.