जैसलमेर शहर के एयरफोर्स स्टेशन परिसर में दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे केंद्रीय विद्यालय के कक्षा 4 के 11 वर्षीय छात्र को भारतीय वायुसेना की तेज रफ्तार जीप्सी ने टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि बालक के सिर में गहरी चोटें आई हैं और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घायल छात्र की पहचान पुष्पेंद्र सिंह, पुत्र जालम सिंह के रूप में हुई है। वह एयरफोर्स स्टेशन स्थित केंद्रीय विद्यालय में पढ़ाई करता है और रोज की तरह गुरुवार को भी स्कूल से छुट्टी होने के बाद पैदल अपने घर की ओर जा रहा था।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 3 बजे स्कूल की छुट्टी हुई थी। अन्य विद्यार्थियों की तरह पुष्पेंद्र भी अपने कुछ साथियों के साथ पैदल एयरफोर्स स्टेशन के गेट की ओर बढ़ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह सड़क किनारे बने फुटपाथ के पास चल रहा था, उसी समय वहां से गुजर रही वायुसेना की एक जीप्सी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बालक उछलकर सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद वहां मौजूद अन्य बच्चे घबरा गए और शोर मचाने लगे। एयरफोर्स स्टेशन के सुरक्षाकर्मी और जवान तत्काल मौके पर पहुंचे। घायल छात्र को तुरंत स्टेशन स्थित मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए उसे तत्काल शहर के प्रमुख अस्पताल, जवाहर हॉस्पिटल, रेफर कर दिया। एंबुलेंस के जरिए बालक को वहां भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
सिर में आंतरिक चोट की आशंका
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, छात्र के सिर में गंभीर चोट लगी है और ‘इंटरनल इंजरी’ की संभावना जताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी स्थिति पर नजर रखे हुए है। फिलहाल उसे ऑब्ज़र्वेशन में रखा गया है और आवश्यक जांचें की जा रही हैं। उसकी हालत नाज़ुक लेकिन स्थिर बताई जा रही है।
परिजनों में कोहराम
हादसे की खबर जैसे ही छात्र के पैतृक गांव बीदा पहुंची, वहां शोक और चिंता का माहौल छा गया। परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में जैसलमेर पहुंचने लगे। पुष्पेंद्र के पिता जालम सिंह और परिवार के अन्य सदस्य बालक की गंभीर स्थिति को देखकर सदमे में हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है ।
ये भी पढ़ें: लड़ाकू हेलिकॉप्टर ‘प्रचंड’ में कल उड़ान भरेंगी राष्ट्रपति, IAF के युद्ध अभ्यास में लेंगी हिस्सा
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मौके पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के क्या इंतजाम थे। पुलिस एयरफोर्स स्टेशन के संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.