बैतूल के इटारसी रोड पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ऑयल मिल के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार 27 वर्षीय सुखदेव उइके की मौत हो गई, जबकि उसका साथी शिवशंकर घायल हो गया। दोनों युवक बैतूल में मजदूरी की तलाश में रह रहे थे।
मृतक सुखदेव उइके साईखेड़ा थाना क्षेत्र के साबड़ी ढाना का निवासी था और फिलहाल बैतूल के एक रैन बसेरे में रह रहा था। घायल शिवशंकर खेड़ी आम धाना क्षेत्र का रहने वाला है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुखदेव अपनी बाइक से इटारसी की ओर से सदर क्षेत्र की तरफ जा रहा था। इसी दौरान ऑयल मिल के सामने एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुखदेव गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव का पोस्टमार्टम गुरुवार को जिला अस्पताल में कराया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.