टोंक: बीसलपुर बांध ने इस मानसून सीजन में 167.929 टीएमसी पानी की आवक और 140.821 टीएमसी पानी की निकासी दर्ज कर इतिहास रच दिया है। पिछले रिकॉर्ड 2016 का था, जब बांध में 165.67 टीएमसी पानी की आवक और 134.238 टीएमसी निकासी हुई थी। इस साल बनास नदी के पानी के स्तर और गेट खुलने की लगातार प्रक्रिया ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
134 दिन खुले रहे बांध के गेट
इस सीजन बांध के गेट कुल 134 दिन खुले रहे। 24 जुलाई को पहला गेट खोला गया, इसके बाद अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में दोबारा गेट खोला गया। लगातार 90 दिन गेट खुले रहने का भी रिकॉर्ड बना। दिसंबर में नहरों में पानी छोड़े जाने में देरी के कारण नहरों में पानी की अवधि घटकर लगभग 80 दिन रह गई।
नहर से होती है 81,800 हेक्टेयर की सिंचाई
बीसलपुर बांध की दाईं नहर 51.6 किलोमीटर और बाईं नहर 18.65 किलोमीटर लंबी है। इन दोनों नहरों और 750 किलोमीटर से अधिक वितरिकाओं के जरिए 81,800 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होती है। बांध प्रोजेक्ट के अधिकारियों के अनुसार टोंक जिले के लिए 8 टीएमसी पानी सिंचाई और 16.2 टीएमसी पानी पेयजल के लिए आरक्षित है, जबकि 8.15 टीएमसी पानी वाष्पीकरण और अन्य खर्च के लिए रखा गया है।
ये भी पढ़ें: 20 लाख रिश्वत के बाद अब फर्जी डिग्री की जांच, विधायक जयकृष्ण पटेल पर क्यों कसा शिकंजा?
बांध फिलहाल लबालब
इस सीजन बीसलपुर बांध ने कुल 11 नए रिकॉर्ड बनाए हैं। इनमें सबसे ज्यादा पानी की आवक और निकासी, गेट लगातार सबसे लंबे समय तक खुले रहना, जुलाई और अक्टूबर में गेट खोलने की पहली बार की प्रक्रिया और नहरों में पानी छोड़े जाने में देरी शामिल है। बांध फिलहाल लगभग लबालब भरा हुआ है, केवल 20 सेंटीमीटर पानी खाली है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.