Cloths Stain Removing Tips: कपड़ों पर दाग लगना रोजमर्रा की आम समस्या है. चाय, तेल, स्याही, लिपस्टिक या चिंगम के दाग समय पर साफ न हों तो कपड़े खराब हो सकते हैं. अच्छी बात यह है कि घर में मौजूद साधारण चीजों से इन दागों को आसानी से हटाया जा सकता है. बर्फ से चिंगम, नमक से चाय-कॉफी, डिश सोप से तेल, मेकअप रिमूवर से लिपस्टिक और टूथपेस्ट से स्याही के दाग सुरक्षित तरीके से साफ किए जा सकते हैं.
हमारे रोज़मर्रा के जीवन में कपड़ों पर दाग लग जाना बहुत आम बात है. कभी चाय गिर जाती है, कभी तेल लग जाता है, तो कभी बच्चे खेलते-खेलते कपड़ों पर चिंगम चिपका देते हैं. ऐसे दाग देखने में छोटे लगते हैं लेकिन अगर समय पर साफ न किए जाएं तो कपड़े खराब भी हो सकते हैं. अच्छी बात यह है कि घर पर मौजूद कुछ आसान चीज़ों से इन दागों को आसानी से हटाया जा सकता है. आईए जानते हैं कपड़ों पर दाग धब्बे लगने पर उसे कैसे निकाला जा सकता है.

कपड़ों से चिंगम हटाने का आसान तरीका: गृहणी शारदा देवी के अनुसार, यदि कपड़ों पर चिंगम चिपक जाए तो घबराने की जरूरत नहीं है. अक्सर लोग चिंगम को खींचने की कोशिश करते हैं, जिससे कपड़ा खराब हो सकता है या धागे निकल आते हैं. इससे बचने का सबसे आसान और सुरक्षित तरीका बर्फ का उपयोग करना है। चिंगम लगी जगह पर कुछ देर तक बर्फ रख दें. ठंडक से चिंगम सख्त हो जाती है और कपड़े से उसका चिपकाव कमजोर पड़ जाता है. इसके बाद चिंगम को हल्के हाथों से आसानी से हटाया जा सकता है, जिससे कपड़ा सुरक्षित रहता है और दाग भी नहीं लगता.

कपड़ों पर चाय या कॉफी के धब्बे लग जाना एक आम समस्या है. खासकर सुबह की जल्दबाजी में चाय या कॉफी गिरने की समस्या रहती है. ऐसे दाग अगर तुरंत साफ न किए जाएं तो बाद में हटाना मुश्किल हो जाता है. इसका आसान घरेलू उपाय यह है कि जैसे ही दाग लगे, उसी समय उस पर थोड़ा सा नमक डाल दें. नमक चाय या कॉफी के रंग को सोख लेता है और दाग को फैलने से रोकता है। कुछ मिनट बाद कपड़े को ठंडे पानी से अच्छी तरह धो लें. इस तरीके से दाग जल्दी हल्का हो जाता है और कपड़ा साफ नजर आने लगता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

कपड़ों पर खाना खाते समय तेल के दाग लग जाना बहुत आम बात है और ये दाग अक्सर आसानी से नहीं निकलते. अगर समय रहते सही तरीका अपनाया जाए तो कपड़ा खराब होने से बच सकता है. इसके लिए सबसे पहले दाग वाली जगह पर थोड़ा सा डिश सोप या लिक्विड डालें, क्योंकि यह तेल को तोड़ने में मदद करता है. इसके बाद उस पर थोड़ा डिटर्जेंट डालकर हल्के हाथ से रगड़ें. ध्यान रखें कि ज्यादा जोर न लगाएं. कुछ देर इसे ऐसे ही छोड़ दें और फिर पानी से कपड़ा धो लें. इस तरीके से तेल और ग्रीस का दाग धीरे-धीरे साफ हो जाता है.

कपड़ों पर लिपस्टिक का दाग लग जाना आम बात है, लेकिन इसका रंग गहरा होने के कारण लोग घबरा जाते हैं. अक्सर लोग कपड़े को जोर से रगड़ देते हैं, जिससे दाग फैल सकता है या कपड़ा खराब हो सकता है. सही तरीका यह है कि दाग वाली जगह पर थोड़ा सा मेकअप रिमूवर लगाएं या कॉटन में कुछ बूंदें लेकर हल्के हाथ से थपथपाते हुए साफ करें. इससे लिपस्टिक का रंग धीरे-धीरे निकलने लगता है. इसके बाद कपड़े को हल्के पानी से धो लें. इस तरीके से लिपस्टिक का दाग बिना कोई निशान छोड़े आसानी से साफ हो जाता है.

कपड़ों पर पेन की स्याही लग जाना एक आम परेशानी है और यह दाग अक्सर जिद्दी होता है. ऐसे में घबराने या कपड़े को जोर से रगड़ने की जरूरत नहीं होती. सबसे पहले दाग वाली जगह पर थोड़ा सा सफेद टूथपेस्ट लगाएं. इसके बाद उंगलियों या नरम ब्रश से हल्के हाथ से रगड़ें, ताकि स्याही धीरे-धीरे ढीली हो जाए. कुछ देर बाद कपड़े को साफ पानी से धो लें. इस तरीके से स्याही का दाग काफी हद तक हल्का पड़ जाता है और कपड़ा खराब भी नहीं होता.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.