Home Gardening Tips to Revive Dying Plants: सूखते और कमजोर पौधों को बचाने के लिए मिट्टी की सही देखभाल, जैविक खाद का प्रयोग और पानी देने का सही समय सबसे जरूरी है. नीम और लहसुन के घरेलू स्प्रे से कीटों का सफाया किया जा सकता है. इन सरल गार्डन टिप्स को अपनाकर आप अपने बगीचे को फिर से हरा-भरा और जीवंत बना सकते हैं.
अगर आप भी अपने गार्डन में लगे फूलों के पौधों के बार-बार सूखने, कमजोर होने या रोगों की समस्या से परेशान हैं, तो अब चिंता करने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान और घरेलू उपाय अपनाकर आप अपने बगीचे को फिर से हरा-भरा, स्वस्थ और खूबसूरत बना सकते हैं. सही देखभाल और थोड़ी सी समझदारी से पौधों की खोई हुई रौनक वापस लाई जा सकती है.

अक्सर देखा जाता है कि लोग अपने घर या छत पर अलग-अलग प्रकार के फूलदार पौधे लगाते हैं. लेकिन समय के साथ वे ठीक से बढ़ नहीं पाते. कई बार पौधे जल्दी सूख जाते हैं या फिर कीट और रोगों का शिकार हो जाते हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह मिट्टी की सही देखभाल न होना, पानी देने में लापरवाही और रासायनिक खाद का अधिक इस्तेमाल माना जाता है. बागवानी विशेषज्ञों के अनुसार, सबसे पहले पौधों की मिट्टी पर ध्यान देना बेहद जरूरी है.

मिट्टी का हल्का और पोषक तत्वों से भरपूर होना पौधों की अच्छी बढ़वार के लिए जरूरी है. इसके लिए घर पर ही तैयार की गई खाद जैसे गोबर की खाद, वर्मी कम्पोस्ट या रसोई के गीले कचरे से बनी जैविक खाद का इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे मिट्टी की उर्वरक क्षमता बढ़ती है और पौधों को प्राकृतिक पोषण मिलता है. पौधों को पानी देने का भी सही तरीका अपनाना चाहिए; जरूरत से ज्यादा या बहुत कम पानी, दोनों ही पौधों के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

मौसम और मिट्टी की नमी को ध्यान में रखते हुए सुबह या शाम के समय पानी देना सबसे बेहतर माना जाता है. गर्मियों में हल्का पानी रोज दिया जा सकता है, जबकि सर्दियों में पानी की मात्रा कम रखनी चाहिए. रोगों और कीटों से बचाव के लिए घरेलू उपाय काफी कारगर साबित होते हैं. नीम की पत्तियों का घोल, लहसुन और मिर्च से बना प्राकृतिक स्प्रे पौधों को कीटों से बचाने में मदद करता है.

इसके अलावा सप्ताह में एक बार पौधों की पत्तियों की हल्की सफाई करने से भी रोगों का खतरा कम हो जाता है. धूप और हवा का सही प्रबंध भी जरूरी है. फूलों वाले अधिकतर पौधों को रोजाना कम से कम 4 से 6 घंटे की धूप की जरूरत होती है. इन आसान और घरेलू गार्डन टिप्स को अपनाकर आप न सिर्फ अपने सूखते और कमजोर पौधों को नया जीवन दे सकते हैं, बल्कि अपने घर के बगीचे को भी हरा-भरा और जीवंत बना सकते हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.