इस विषय पर जानकारी देते हुए पटना की जानी-मानी एक्सपर्ट और ब्लिस एस्थेटिक क्लीनिक की संस्थापक डॉ. अनामिका बताती हैं कि महिलाओं में बाल झड़ने के कई कारण हो सकते हैं. कुछ मामलों में यह जेनेटिक होता है, जबकि कई बार गलत खान-पान और असंतुलित दिनचर्या इसकी वजह बनती है. कई लोग अनजाने में ऐसी आदतें अपना लेते हैं जो हेयर फॉल बढ़ा देती हैं. अच्छी बात यह है कि सही देखभाल और उपचार से इस समस्या को काफी हद तक रोका जा सकता है.
क्यों झड़ते हैं महिलाओं के बाल
उन्होंने बताया कि महिलाओं में बाल झड़ने के पीछे कई स्वास्थ्य और लाइफस्टाइल से जुड़े कारण हो सकते हैं. जिन महिलाओं को PCOS या PCOD जैसी हार्मोनल समस्याएं होती हैं, उनमें हेयर फॉल की शिकायत ज्यादा देखी जाती है. इसके अलावा तनाव भी बाल झड़ने का एक बड़ा कारण माना जाता है. विटामिन D और B12 की कमी भी बाल झड़ने का कारण हो सकती है.
इन चीजों की कमी से भी गिरते हैं बाल
बार-बार हेयर स्ट्रेटनिंग या केमिकल ट्रीटमेंट करवाना भी बालों को नुकसान पहुंचाता है. बहुत टाइट पोनीटेल बनाना, गीले बालों को जोर से तौलिये से रगड़ना या गलत तरीके से सुखाना जैसी आदतें भी हेयर फॉल बढ़ा सकती हैं. इसके साथ ही शरीर में आयरन, विटामिन B12 और विटामिन D की कमी होने पर भी बाल तेजी से झड़ने लगते हैं. इसलिए सही पोषण, कम तनाव और बालों की सही देखभाल से इस समस्या को काफी हद तक रोका जा सकता है.
बाल बचाना है तो भूलकर भी न करें यह गलतियां
अगर बाल झड़ने की समस्या महिला पैटर्न गंजेपन से जुड़ी नहीं है, तो ज्यादातर मामलों में आयरन और विटामिन की कमी दूर करके हेयर फॉल को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है. डॉ. अनामिका का कहना है कि रोजमर्रा की छोटी-छोटी गलतियां भी बालों को कमजोर बना देती हैं, इसलिए इन्हें समय रहते सुधारना जरूरी है.
बालों की देखभाल में यह बात खास ध्यान रखें कि बिना जानकारी के किसी भी ट्रेंड या घरेलू नुस्खे को बालों पर प्रयोग न करें. बालों को बहुत टाइट बांधने से जड़ों पर खिंचाव पड़ता है और टूटने की संभावना बढ़ जाती है. बाल धोने के बाद उन्हें जोर से रगड़कर सुखाने के बजाय मुलायम सूती कपड़े से हल्के-हल्के थपथपाकर सुखाएं या अपने आप सूखने दें.
गीले बालों पर तुरंत ड्रायर का इस्तेमाल करना भी नुकसानदेह होता है, क्योंकि ज्यादा गर्मी बालों की नमी खत्म कर उन्हें कमजोर बना देती है. सही आदतें अपनाकर और लापरवाही से बचकर बालों को लंबे समय तक स्वस्थ और मजबूत रखा जा सकता है.
बाल पतले हैं तो क्या खाएं, नहीं झड़ेंगे
बाल पतले होने और झड़ने की समस्या से बचना चाहते हैं तो खान-पान और लाइफस्टाइल पर ध्यान देना बेहद जरूरी है. डॉ. अनामिका के मुताबिक समय-समय पर हार्मोन से जुड़ी जांच कराते रहना चाहिए. दिनभर में कम से कम 2 से 3 लीटर पानी जरूर पीना चाहिए. नाश्ता कभी भी छोड़ना नहीं चाहिए, क्योंकि इससे शरीर को जरूरी पोषण नहीं मिल पाता और बाल कमजोर होने लगते हैं. साथ ही चीनी का सेवन कम करें और बाहर का जंक फूड जितना हो सके बंद कर दें.
डाइट में इन चीजों का सेवन जरूरी
डाइट में प्रोटीन, आयरन, विटामिन और ओमेगा-3 से भरपूर चीजों की मात्रा बढ़ाना फायदेमंद रहता है. प्रोटीन के लिए अंडा, सोयाबीन और पनीर शामिल करें. आयरन की पूर्ति के लिए पालक, खजूर और चुकंदर खाएं. ओमेगा-3 के लिए चिया सीड और अखरोट अच्छा विकल्प है. इसके अलावा आंवला, बादाम और संतरा जैसे पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थ भी रोजाना डाइट में जोड़ें. संतुलित आहार और सही दिनचर्या अपनाने से बालों की जड़ें मजबूत होती हैं और पतले होने की समस्या धीरे-धीरे कम होने लगती है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.