Travel Safety Tips In Cold Weather: सर्दियों में ट्रैवल करना पड़े तो कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है खासकर अगर बात बच्चों और बुजुर्गों की हो. बाहर जाते समय डॉक्टर की इस सलाह का ख्याल रखें ताकि आपका सफर आराम से पूरा हो.
सर्दियों का मौसम घूमने-फिरने के लिए बेहद सुहावना माना जाता है. ठंडी हवा, धूप की हल्की गर्माहट और प्रकृति की खूबसूरती सफर को यादगार बना देती है. लेकिन अगर इस मौसम में थोड़ी सी लापरवाही बरती जाए, तो यही सफर परेशानी का कारण भी बन सकता है. ऐसे में कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. संतोष कुमार गुप्ता बताते हैं कि सर्दियों में यात्रा करते समय कुछ खास बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है, ताकि आपका सफर सुरक्षित, स्वस्थ और सफल रहे.

सबसे पहले बात करें कपड़ों की तैयारी की. सर्दियों में शरीर को सिर से लेकर पैरों तक गर्म रखना बहुत जरूरी होता है. सफर पर निकलते समय अपने साथ पर्याप्त गर्म कपड़े जरूर रखें. टोपी, दस्ताने, स्वेटर, मफलर और गर्म जैकेट के साथ-साथ मोटे मोजे भी पहनें, ताकि पैरों में ठंड न लगे. खासतौर पर बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाना बेहद जरूरी है, क्योंकि उन्हें जल्दी सर्दी लग जाती है.

खान-पान का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए. डॉ. गुप्ता के अनुसार सर्दियों में पाचन शक्ति थोड़ी कमजोर हो जाती है. ऐसे में बहुत ज्यादा तेल-मसाले वाला और भारी भोजन करने से बचें. हल्का, सुपाच्य और गर्म भोजन ही करें. सफर के दौरान सूप, दाल, खिचड़ी या उबली सब्जियां बेहतर विकल्प हो सकती हैं. इसके अलावा अपने साथ थोड़े ड्राई फ्रूट्स जैसे बादाम, काजू, किशमिश रखें, जो शरीर को ऊर्जा देते हैं और ठंड से बचाने में मदद करते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

यात्रा के दौरान दवाइयों की तैयारी भी उतनी ही जरूरी है. अपने साथ जनरल मेडिसिन जरूर रखें, जैसे पेट दर्द, सिर दर्द, बुखार, खांसी-जुकाम की दवाइयां. अगर आप पहले से किसी बीमारी की दवा ले रहे हैं, तो उसे नियमित रूप से लेना बिल्कुल न भूलें. खासकर दिल, शुगर या ब्लड प्रेशर के मरीजों को अपनी दवाइयों में कोई लापरवाही नहीं करनी चाहिए.

सर्दियों के सफर में धूप का लाभ लेना भी बहुत फायदेमंद होता है. जहां भी धूप मिले, कुछ देर धूप में बैठें. इससे शरीर को गर्माहट मिलती है और विटामिन-D भी मिलता है, जो हड्डियों और इम्यूनिटी के लिए जरूरी है. इसके अलावा अगर संभव हो तो गुनगुने पानी से स्नान करें. इससे शरीर तरोताजा रहता है और ठंड का असर कम होता है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.