राजस्थान के कोटा जिले में धुलंडी के दिन शराब पीने से रोकने पर पत्नी से हुए झगड़े के बाद युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के तीन दिन बाद पुलिस ने घर से मृतक का शव बरामद किया। मृतक कई दिनों से लापता था और घर का दरवाजा अंदर से कुंडी लगी होने के कारण पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
‘तीन-चार दिन से नहीं दिख रहा था विनोद’
घटना शहर के अनंतपुरा थाना इलाके के तालाब गांव में हुई। पड़ोसियों ने बताया कि तीन-चार दिन से विनोद कुमार नहीं दिख रहे थे। झगड़े के बाद उसकी पत्नी मायके चली गई थी और उसके बाद से विनोद का कोई पता नहीं चल रहा था। जब घर का दरवाजा खोलने की कोशिश की गई तो अंदर से कुंडी लगी हुई थी। शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और कुंडी तुड़वाकर कमरे में प्रवेश किया तो विनोद फंदे से लटका हुआ मिला। शव सड़ चुका था और पुलिस के मुताबिक संभवतः दो-तीन दिन पहले ही उसने फांसी लगाई थी।
मृतक विनोद कुमार मूलरूप से बारां जिले के सिसवाली थाना इलाके के डूंगरखेड़ी गांव का निवासी था। वह कई वर्षों से कोटा में रह रहा था और टाइल मार्बल्स पर काम करता था। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार करीब 9 महीने पहले उसकी शादी हुई थी। घर में पति-पत्नी ही रहते थे।
क्यों हुआ पति का पत्नी से झगड़ा?
पत्नी से पूछताछ में सामने आया कि शराब पीने को टोकने पर हर बार झगड़ा होता था। होली के दिन भी विनोद ने शराब पी रखी थी। दूसरे दिन धुलंडी पर भी वह शराब पीने को लेकर झगड़ा करने लगा। झगड़ा बढ़ने पर पत्नी मायके चली गई। इसी के बाद युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
पुलिस ने क्या बताया?
अनंतपुरा थाना हेड कॉन्स्टेबल सत्यनारायण ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.