जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये अपराधी खुद को बैंक अधिकारी बताकर ग्राहकों को झांसा देते थे और स्क्रीन शेयरिंग ऐप के जरिए उनकी गोपनीय जानकारी चुराकर खातों से पैसे निकाल लेते थे।
पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना, जामताड़ा के थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के बॉसपहाड़ी गांव में साहेबगंज-गोविंदपुर हाईवे से लगभग 500 मीटर दूर नदी किनारे पलाश के जंगल में छापेमारी कर तीनों अपराधियों को रंगे हाथ पकड़ा। उनके पास से 4 मोबाइल फोन और 5 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान सुनील रजक (30), राजेश रंजन रजक (33) और रवि रजक (30) के रूप में हुई है। ये तीनों खरकोकुंडी, थाना नारायणपुर, जिला जामताड़ा के निवासी हैं।
इस मामले में साइबर अपराध थाना, जामताड़ा में कांड संख्या 76/25, दिनांक 24.12.2025 के तहत B.N.S 2023, आईटी एक्ट और टेलिकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार, इन साइबर अपराधियों का नेटवर्क झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल तक फैला हुआ था।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.