मंत्री से गुहार लगाने पहुंचे थे बीजेपी के पूर्व जिला अध्यक्ष
दरअसल, जिला प्रभारी के रूप में जोधपुर दौरे पर आए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से मिलने बीजेपी के पूर्व जिला अध्यक्ष मनोहर पालीवाल सर्किट हाउस पहुंचे थे। वे ब्लू हेवन पब्लिक स्कूल की मान्यता बहाल कराने की सिफारिश लेकर आए थे। यह स्कूल अतिक्रमण की जमीन पर बना हुआ था, जिसकी मान्यता पूर्व में रद्द की जा चुकी है।
नियमों के विरुद्ध कोई निर्णय संभव नहीं
मुलाकात के दौरान शिक्षा मंत्री दिलावर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह मामला उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता और नियमों के विरुद्ध कोई निर्णय संभव नहीं है। इसी दौरान उन्होंने पूर्व जिला अध्यक्ष से हाथ जोड़कर माफी मांगी और कान भी पकड़े, जिसका किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
शिक्षा मंत्री ने दी सफाई
वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सफाई देते हुए कहा कि मनोहर पालीवाल उनके पुराने मित्र हैं और उनसे माफी मांगने में कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह निजी बातचीत थी, जिसे गलत तरीके से रिकॉर्ड कर वायरल किया गया। वहीं, मनोहर पालीवाल ने भी इसे निजी मुलाकात बताते हुए वीडियो वायरल करने को गलत बताया।
ये भी पढ़ें: आदिवासी नेता महेंद्रजीत करेंगे कांग्रेस में घर वापसी! प्रदेश प्रभारी से मुलाकात के बाद अटकलें तेज
जांच के बाद रद्द की गई स्कूल की मान्यता: दिलावर
शिक्षा मंत्री ने दो टूक कहा कि ब्लू हेवन पब्लिक स्कूल की मान्यता अतिक्रमण की जमीन पर निर्माण और गलत तथ्यों के आधार पर ली गई थी। जांच के बाद मान्यता रद्द की गई है और आगे भी यदि कोई स्कूल अतिक्रमण की जमीन पर पाया गया तो उसकी मान्यता भी रद्द की जाएगी। इधर, मिड-डे मील को लेकर शिक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में मिड-डे मील योजना में भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा थी। ऊपर से नीचे तक सभी इसमें शामिल थे, जिसकी अब एसीबी जांच कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.