कालंद्री पुलिस थाना टीम ने तंवरी गांव के तीन मंदिरों में हुई चोरियों का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीन दिन पहले दर्ज मामलों में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और चुराए गए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों में वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। कालंद्री थानाधिकारी गंगाप्रसाद की अगुवाई में पुलिस टीम ने सेमला थला, पीएस बेकरिया, जिला उदयपुर निवासी जोशीराम पुत्र पन्नाराम गरासिया और सुरेश कुमार पुत्र भूराराम गमेती को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों से अग्रिम जांच कर और जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
एक के बाद एक तीन मंदिरों में हुई थी चोरी
मामले में तंवरी पुलिस थाना कालंद्री जिला सिरोही निवासी देवेन्द्र पुत्र वीराराम माली ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि 3 फरवरी 2026 को देर रात लगभग 1 बजे कोई अज्ञात चोर गांव के शिव शक्ति माताजी मंदिर से 1 बड़ा झूमर, 1 छोटा चांदी का मुकुट और 1 तोरण, लगभग 1 किलो चांदी और भंडारा तोड़कर करीब 1 लाख रुपए चोरी कर गया। इसके बाद आशापुरा माताजी मंदिर से चांदी का मुकुट, चांदी का झूमर, चांदी की 2 आंखें और लगभग 400 ग्राम चांदी चोरी की गई। वहीं, गोरा नारायणजी मंदिर से चांदी के दो मुकुट, चांदी की मूर्ति, नाग, आंख और लगभग 1 किलो चांदी तथा 1 तोला सोना चोरी कर लिया गया। जैन मंदिर के बाहर का ताला तोड़ने में चोर नाकाम रहे, लेकिन तीनों मंदिरों से लाखों रुपए के सामान की चोरी की गई। इस रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
विशेष टीमों का गठन कर शुरू की गई जांच
पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मौका विजिट किया गया। इसके बाद रेवदर वृत के वृताधिकारी मनोज कुमार गुप्ता, कालंद्री थानाधिकारी गंगाप्रसाद, डीएसटी, डीसीआरबी, फोरेंसिक और एमआईयू यूनिट की टीमों का गठन किया गया। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय संकलन के आधार पर विश्लेषण किया। संकलित सूचनाओं और सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध अज्ञात चोरों के हुलिए का पता चला और मुखबिरों के जरिए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने चोरियों की वारदातों को स्वीकार किया। उनसे चोरियों की अन्य घटनाओं और उनके साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही चुराए गए सामान की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.