आबूरोड रेलवे पुलिस ने ट्रेन में हुई करीब 14 लाख रुपये की ज्वेलरी और अन्य सामान की चोरी का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही विधि से संघर्षरत दो बालकों को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया गया है।
यह कार्रवाई संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। आबूरोड रेलवे थाना प्रभारी मनोज कुमार चौहान के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच के दौरान आरोपियों तक पहुंच बनाई।
गिरफ्तार आरोपियों में सांसी बस्ती छावनी, पीएस ब्यावर सिटी जिला ब्यावर निवासी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू सांसी पुत्र मुकेश बिजावत, दुर्गा कॉलोनी नुन्द्री मेहन्द्रातान, पीएस ब्यावर सदर जिला ब्यावर निवासी राहुल सांसी पुत्र बबलू बिजावत तथा वार्ड नंबर 4, पावर हाउस के पास कंजर बस्ती, पीएस ब्यावर शहर जिला ब्यावर निवासी दिनेश कंजर पुत्र रमेश कंजर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त दो नाबालिगों को भी निरुद्ध किया गया है। कार्रवाई में हेड कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह, कांस्टेबल पहाड़ सिंह, बजरंगलाल (विशेष योगदान), आसूराम, विश्वाराम, शुभम सिंह एवं हेड कांस्टेबल तेजबहादुर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: निजी बस ऑपरेटर्स की हड़ताल से परिवहन व्यवस्था चरमराई, बेनतीजा रही वार्ता, लाखों यात्री बेहाल
मुंबई जा रहा था परिवार
पुलिस के अनुसार परिवादी अरिहंत बाठियां जैन, निवासी श्रीडूंगरगढ़ जिला बीकानेर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे 21 फरवरी को अपनी बहन के साथ शादी में शामिल होने के बाद मुंबई लौट रहे थे। उन्होंने ट्रेन संख्या 14707 रणकपुर एक्सप्रेस के कोच एस-4 में आरक्षण कराया था।
आबूरोड स्टेशन पार करने के बाद उनकी बहन ने फोन पर बताया कि सीट नंबर 74 के नीचे रखे दो बैग गायब हैं। इनमें से एक बैग में उनकी बहन के कपड़े और सोने-चांदी के आभूषण रखे थे, जिनमें करीब 80 ग्राम का सोने का नेकलेस, 20-25 ग्राम की सोने की ईयररिंग्स और चांदी के झुमके शामिल थे। दूसरे बैग में कंबल और मोबाइल चार्जर सहित अन्य सामान था। अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी किए जाने पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.