ड्यूटी को लेकर विवाद में सूबेदार (जेसीओ) की हत्या करने के आरोपी जवान पारुल शर्मा को बाड़ी ब्राह्मणा थाने की पुलिस ने बुधवार रात जम्मू के बिश्नाह से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बिश्नाह इलाके के कनहाल का ही रहने वाला है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
सांबा जिले के बाड़ी ब्राह्मणा स्थित टेरिटोरियल आर्मी बटालियन मुख्यालय में मंगलवार देर रात ड्यूटी को लेकर रियासी जिले के सिरला निवासी जेसीओ सुरजीत सिंह (46) और 26 वर्षीय सिपाही पारुल शर्मा के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि सिपाही पारुल शर्मा ने कहासुनी के बाद सुरजीत सिंह पर फायरिंग कर दी थी।
जेसीओ को तुरंत सतवारी स्थित मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। आरोपी सिपाही अपनी सर्विस राइफल और मोबाइल फोन घटनास्थल के पास ही छोड़कर भाग निकला था। चार मैगजीन जिनमें लगभग 80 गोलियां थीं गायब पाई गई थीं। मामले में बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस ने हत्या और शस्त्र अधिनियम की धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पहले ही लुकआउट नोटिस जारी कर दिया गया था। कई स्थानों पर नाकाबंदी कर सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया था। इसके चलते पुलिस को आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी संयुक्त रूप से घटना की परिस्थितियों, ड्यूटी प्रोटोकॉल और जिम्मेदारी से जुड़े तथ्यों की भी समीक्षा कर रहे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.