गयाजी जिले के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पूर्व मध्य रेल क्षेत्र से होकर 5 नई अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू किया जा रहा है। इनमें सबसे अहम ट्रेन गयाजी होकर गुजरने वाली हावड़ा-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस है, जो गयाजी समेत मगध और शाहाबाद क्षेत्र के यात्रियों को सीधी और आधुनिक रेल सुविधा देगी। रेलवे के मुताबिक हावड़ा-आनंद विहार-हावड़ा अमृत भारत एक्सप्रेस(13065/13066) का उद्घाटन 18 जनवरी को किया जाएगा। यह ट्रेन उद्घाटन स्पेशल के तौर पर संतरागाछी से दोपहर 2.45 बजे खुलेगी। दुर्गापुर, आसनसोल, धनबाद, गोमो, पारसनाथ, कोडरमा होते हुए रात 11.50 बजे गयाजी पहुंचेगी। दिल्ली-कोलकाता जाने वाले यात्रियों को राहत गयाजी से आगे अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड और डीडीयू स्टेशन पर रुकते हुए अगले दिन रात 9.30 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। इस ट्रेन के परिचालन से गयाजी, जहानाबाद, रोहतास और आसपास के जिलों के यात्रियों को दिल्ली और कोलकाता की ओर सफर में बड़ी सहूलियत मिलेगी। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अमृत भारत एक्सप्रेस इसके अलावा पूर्व मध्य रेल से होकर अन्य जिलों को जोड़ने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का भी उद्घाटन किया जा रहा है। सियालदह-बनारस, पनवेल-अलीपुरद्वार, डिब्रूगढ़-गोमतीनगर और कामाख्या-रोहतक अमृत भारत एक्सप्रेस भी इसी कड़ी में शामिल हैं। ये सभी ट्रेनें पटना, डीडीयू, हाजीपुर, सोनपुर, बरौनी, कटिहार जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेंगी और पूर्वी व उत्तर भारत को बेहतर रेल कनेक्टिविटी देंगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि सभी ट्रेनों का नियमित समय-सारिणी अलग से जारी की जाएगी। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अमृत भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से लंबी दूरी के यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर का लाभ मिलेगा। खासकर गयाजी होकर गुजरने वाली ट्रेन को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.