सोलन जिला मुख्यालय से सटे अश्वनी खड्ड संपर्क मार्ग पर 14.71 ग्राम चिट्टा, शराब और 19,060 रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पंजाब के मोहाली से चिट्टे के मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सप्लायर से 8.51 ग्राम चिट्टा भी बरामद किया। एक अन्य मामले में पुलिस ने रबौण क्षेत्र में एक कमरे से दो युवकों को चिट्टा और नकदी के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस ने 6 जनवरी को कंडाघाट क्षेत्र में सुरेश कुमार निवासी गांव जखेड, डाकखाना दंघील, तहसील कंडाघाट, जिला सोलन और पारस निवासी गांव अवाहाधार, डाकखाना गोहर, तहसील चच्योट, जिला मंडी को 14.71 ग्राम चिट्टा, छह बोतल देसी शराब और 19,060 रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया था।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने चिट्टा 33 हजार रुपये में एसएएस नगर मोहाली से खरीदा था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर संदीप कुमार निवासी गांव सूरज नगर, तहसील मलोट, जिला मुक्तसर (पंजाब) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 8.51 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।
एसपी सोलन तिरूमला राजू एसडी वर्मा ने बताया कि जांच के दौरान मामले में संलिप्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
रबौण में 2.26 ग्राम चिट्टे के साथ दो आरोपी दबोचे
सोलन। पुलिस चौकी सपरून ने गुप्त सूचना के आधार पर रबौण क्षेत्र में एक कमरे में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने रवि कुमार निवासी गांव बठोल, तहसील अर्की और अमन परिहार निवासी गांव जाबल जमरोट, डाकखाना कोटी, तहसील और जिला सोलन को 2.26 ग्राम चिट्टा और 2,000 रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.