जिले के सायरा क्षेत्र में खेत में सिंचाई कर रहे एक किसान पर तीन भालुओं ने हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे देर रात उदयपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना सायरा थाना क्षेत्र के रोयड़ा के पास कड़ेचा की भागल गांव की है। जानकारी के अनुसार कड़ेचावास निवासी प्रेम सिंह (40) शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे अपने खेत में गेहूं की फसल को पानी दे रहे थे। इसी दौरान तीन भालुओं ने उन पर हमला कर दिया। भालुओं ने उनके मुंह, सिर और शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव कर दिए, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। प्रेम सिंह की चीखें सुन आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने लाठियों की मदद से भालुओं को भगाया। इसके बाद घायल किसान को तुरंत उदयपुर के जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। भास्कर इनसाइट- 3 जिलों से जुड़ी सायरा रेंज, भालुओं का प्रमुख कॉरिडोर
सायरा रेंज का क्षेत्र उदयपुर, पाली और राजसमंद जिलों से जुड़ा हुआ है। इस सीमावर्ती इलाके में चारों ओर घना जंगल और अभयारण्य क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में भालू पाए जाते हैं। अक्सर ये जंगल से निकलकर गांवों और सड़कों तक आ जाते हैं। यह पूरा क्षेत्र भालुओं का प्राकृतिक कॉरिडोर माना जाता है, इसलिए यहां इनकी आवाजाही ज्यादा रहती है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.