कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने नए साल की शुरुआत में आकांक्षी ब्लॉक पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र के दूरस्थ गांवों का दौरा किया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल सहित शासन की प्रमुख योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का जायजा लिया।
कलेक्टर ने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवाओं-बिरहोर बाहुल्य गांव गुडरुमुडा में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने गुडरुमुडा, पोड़ी उपरोड़ा, ऐतमानगर, गुरसिया, लैंगा और पसान तक के आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पोषण पुनर्वास केंद्र, बालिका आवासीय छात्रावास, एकलव्य आवासीय विद्यालय, धान खरीदी केंद्र और ऐतमानगर जलप्रदाय योजना का निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने निर्माणाधीन वॉटर फीडर टैंक, पीएम जनमन सड़क, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और विद्यालय भवन का भी अवलोकन कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी उपरोड़ा और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पसान का निरीक्षण किया।
स्वास्थ्य केंद्रों के अलग-अलग कक्षों का निरीक्षण
कलेक्टर पंजीयन कक्ष, लैब, प्रसव कक्ष, महिला-पुरुष वार्ड, एक्स-रे कक्ष, टीबी, एनसीडी, पीएनजी, वैक्सीन कक्ष, डेंटल, दवा वितरण कक्ष और स्टोर रूम का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और गर्भवती महिलाओं को समय पर सुरक्षित व संस्थागत प्रसव कराने के निर्देश दिए।

पीवीटीजी क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कों के निर्माण कार्य का निरीक्षण
उन्होंने एचआरपी सूची की जानकारी भी ली। पीवीटीजी बाहुल्य ग्रामों को जोड़ने वाली पीएम जनमन अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण कर कलेक्टर ने कार्य में तेजी लाने और शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। ऐतमानगर में जल जीवन मिशन अंतर्गत जल प्रदाय योजना के तहत निर्माणाधीन 28.5 एमएलडी क्षमता के जल शुद्धिकरण संयंत्र का भी उन्होंने निरीक्षण किया।

निर्माण कार्यों में देरी पर ठेकेदार को नोटिस के निर्देश
निर्माणाधीन इकाइयों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने ठेकेदार विंध्य टेली लिंक लिमिटेड को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने परियोजना की समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए मैनपावर बढ़ाकर तेजी से कार्य करने और गुणवत्ता मानकों का पालन करने पर जोर दिया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.