Dhanbad News: झरिया स्थित अग्रवाल धर्मशाला में 16, 17 एवं 18 जनवरी 2026 को एक विशाल निःशुल्क दिव्यांग सहायता शिविर का आयोजन किया जाएगा. यह सेवा शिविर भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर फुट के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है
इस तीन दिवसीय शिविर के अंतर्गत विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा दिव्यांगजनों का परीक्षण एवं माप लिया जाएगा. जांच के पश्चात पात्र लाभुकों को कृत्रिम हाथ, कृत्रिम पैर, कैलिपर्स, श्रवण यंत्र, बैसाखी सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण पूर्णत निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे. शिविर में विशेष रूप से उन लोगों को लाभ दिया जाएगा, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और महंगे सहायक उपकरण प्राप्त करने में असमर्थ हैं.
दिव्यांग सहायता शिविर का आयोजन
कार्यक्रम के संयोजक आशीष अग्रवाल ने बताया कि इस शिविर का लाभ केवल धनबाद जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड के किसी भी कोने से दिव्यांग व्यक्ति इसमें भाग ले सकते हैं. जिन व्यक्तियों को कृत्रिम अंग, कान की मशीन या बैसाखी की आवश्यकता है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण कराकर इस शिविर का लाभ उठा सकते हैं.उन्होंने जानकारी दी कि शिविर में भाग लेने के लिए पंजीकरण अनिवार्य है. पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है. इच्छुक लाभार्थी दिए गए व्हाट्सएप नंबर पर आवश्यक विवरण भेजकर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं. पंजीकरण के समय आधार कार्ड की छायाप्रति तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य रूप से जमा करना होगा.
पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 जनवरी
अधिक जानकारी एवं पंजीकरण के लिए लाभार्थी मोबाइल नंबर 9835346031 अथवा 9905180229 पर संपर्क कर सकते हैं.आयोजकों ने अपील की है जरूरतमंद लोग समय रहते पंजीकरण कराएं, ताकि शिविर की व्यवस्था सुचारु रूप से की जा सके.इस अवसर पर मनीष अग्रवाल ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद और असहाय दिव्यांगजनों तक सहायता पहुंचाना है. समाज के ऐसे कई लोग हैं, जो साधनों के अभाव में अपने दैनिक जीवन में कठिनाइयों का सामना करते हैं. इस शिविर के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास किया जा रहा है. शिविर के दौरान रांची से विशेषज्ञ चिकित्सकों की विशेष टीम पहुंचेगी, जो लाभार्थियों की गहन जांच करेगी. जांच के उपरांत आवश्यक माप लेकर उपयुक्त उपकरण तैयार किए जाएंगे, ताकि दिव्यांगजनों को अधिक सुविधा और आराम मिल सके. इन तीन दिनों तक चलने वाले शिविर में सेवा, संवेदना और समर्पण की भावना के साथ कार्य किया जाएगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.