सुहागपुर थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव खेत में पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान 35 वर्षीय कैलाश मीणा पुत्र खेमजी मीणा निवासी वीरपुर के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया, कैलाश गुरुवार शाम को बिना बताए घर से निकल गए थे। रातभर तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह खोजबीन के दौरान घर से करीब आधा किलोमीटर दूर ऐराव नदी के पास एक खेत में बबूल के पेड़ से उनका शव फंदे पर लटका मिला। आसपास से गुजर रहे लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी।
शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे सरपंच की ओर से फोन पर सूचना मिलने के बाद सुहागपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की मौजूदगी में शव को पेड़ से उतारा गया और जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां शव को मोर्चरी में रखवाया गया।
शुक्रवार दोपहर 1 बजे मृतक के पिता खेमजी मीणा की रिपोर्ट पर सुहागपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
सुहागपुर थानाधिकारी मनीष वैष्णव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों ने बताया कि कैलाश टेंपो चलाकर जीवन यापन करते थे। उनके दो बेटे हैं, जिनमें से एक सीकर में और दूसरा प्रतापगढ़ के छात्रावास में पढ़ाई कर रहा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.