Taj Mahotsav 2026: ताज महोत्सव का रंगारंग शुभारंभ आज, सितारों की सजेगी महफिल; इतना देना होगा प्रवेश शुल्क
ताजमहल के साए में वंदे मातरम की धुन पर बुधवार शाम 6 बजे से 34वें ताज महोत्सव का रंगारंग आगाज होगा। कला, शिल्प और संस्कृति के अद्भुत संगम के लिए मंच सजा चुका है। 27 फरवरी तक चलने वाले इस महोत्सव का आयोजन पहली बार शिल्पग्राम की बजाय फतेहाबाद रोड स्थित टाटा मैदान में किया जा रहा है।
जिलाधिकारी अरविंद बंगारी ने बताया कि महोत्सव का उद्घाटन केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य और कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय संयुक्त रूप से करेंगे। वोकल फॉर लोकल की मुहिम को समर्पित इस महोत्सव में 500 स्टॉलों पर लघु भारत की झलक दिखेगी।

2 of 5
ताज महोत्सव शुरू होने से पहले अभ्यास करते कलाकार।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ताज महोत्सव समिति सचिव शक्ति सिंह ने बताया कि यह महोत्सव सही मायनों में देशभर के हुनरमंदों के लिए एक बड़ा मंच साबित होने जा रहा है। आत्मनिर्भर भारत की झलक दिखाते हुए यहां 500 स्टॉल लगाए गए हैं। जहां प्रदेश के 50 जनपदों के एक जिला-एक उत्पाद के अलावा खादी, जूट और हथकरघा के बेहतरीन उत्पाद उपलब्ध होंगे। कश्मीर की पश्मीना शॉल से लेकर बनारस की सिल्क तक, पर्यटकों को एक ही छत के नीचे पूरे भारत की शिल्प कला के दर्शन होंगे।

3 of 5
ताज महोत्सव।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
नीरज श्रीधर और कृष्णा-अभिषेक बिखेरेंगे जलवा
महोत्सव में मनोरंजन का तड़का लगाने के लिए एक विशाल डिजिटल मुक्ताकाशीय मंच तैयार किया गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला में 22 फरवरी को मशहूर सिंगर नीरज श्रीधर की बॉलीवुड नाइट होगी। 26 फरवरी को कृष्णा-अभिषेक की कॉमेडी नाइट दर्शकों को लोटपोट करेगी। 27 फरवरी को समापन संध्या पर सचिन-जिगर की जोड़ी सुरों का जादू बिखेरेगी। इसके अलावा इंडियन ओशन बैंड, अली ब्रदर्स की सूफी गायकी और माधवाज बैंड की भक्ति संध्या आकर्षण का केंद्र रहेगी।

4 of 5
अभ्यास करते कलाकार।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सीकरी में कव्वाली और बटेश्वर में गूंजेंगे भजन
पर्यटन को केवल शहर तक सीमित न रखकर इस बार इसका विस्तार किया गया है। 21 फरवरी को फतेहपुर सीकरी के ऐतिहासिक स्मारक पर निजामी बंधु अपनी कव्वाली पेश करेंगे। वहीं, 23 फरवरी को बटेश्वर के प्राचीन मंदिरों के बीच मिश्रा बंधु के भजनों की अमृत वर्षा होगी।

5 of 5
ताज महोत्सव।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
स्थानीय प्रतिभाओं को भी मिलेगा वैश्विक मंच
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करना है। प्रतिदिन सुबह 10 से शाम 6 बजे तक ब्रज के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अतिरिक्त 20 से 22 फरवरी के बीच बाइक एवं कार रैली, यमुना महाआरती और वन्यजीव प्रदर्शनी जैसे आयोजन ताजनगरी में पर्यटन की नई इबारत लिखेंगे।
एक नजर में
प्रवेश शुल्क 50 रुपये प्रति वयस्क होगा
3 साल उम्र तक के बच्चों का प्रवेश निशुल्क
विदेशी पर्यटक के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा।
स्कूल के ग्रुप में 50 बच्चों तक शुल्क 700 रुपये है।
200 पुलिसकर्मी और सीसीटीवी कैमरे से निगरानी होगी।
ये भी पढ़ें-UP: यूपी बोर्ड परीक्षा से पहले 10वीं की छात्रा ने दी जान, फंदे पर लटकी मिली लाश; जांच में जुटी पुलिस
About the Author
Related
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.