मध्यप्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता कैलाश विजयवर्गीय अपने बेबाक और विवादित बयानों के लिए एक बार फिर सुर्खियों में हैं। बुधवार को बीना प्रवास के दौरान उन्होंने ताजमहल के इतिहास और बिहार के लोगों के स्वभाव को लेकर ऐसी टिप्पणियां कीं, जिससे सियासी पारा चढ़ गया है।
मंदिर की जगह बनी मुमताज की कब्र
स्वर्गीय राकेश सिरोठिया की स्मृति में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर बोलते हुए विजयवर्गीय ने ताजमहल पर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि ताजमहल पहले मंदिर के रूप में बनाया जा रहा था, जिसे बाद में शाहजहां ने मुमताज का मकबरा बना दिया। उन्होंने आगे तर्क देते हुए कहा कि शाहजहां ने पहले मुमताज को बुरहानपुर में दफन किया था, लेकिन बाद में जहां मंदिर का निर्माण हो रहा था, वहीं मुमताज के शव को दोबारा दफनाकर ताजमहल का निर्माण कराया गया।
ये भी पढ़ें- Abhyudaya MP Growth Summit: ‘विश्व के 46% डिजिटल ट्रांजैक्शन भारत में हुए’, अमित शाह बोले- ये हमारी बड़ी छलांग
बिहारियों और राजनीतिक दलबदल पर भी बोले
ताजमहल के अलावा मंत्री विजयवर्गीय ने बिहार के लोगों के व्यवहार पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, यूं तो बिहारी विनम्र नहीं होते, लेकिन हमारे राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नबीन नितिन विनम्र हैं। स्थानीय राजनीति पर चर्चा करते हुए उन्होंने बीना विधायक निर्मला सप्रे का जिक्र किया। विजयवर्गीय ने कहा कि निर्मला सप्रे भले ही कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ी थीं, लेकिन अब वह पूरी तरह भाजपा के साथ हैं।
कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
इससे पहले, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बीना पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया। शहर में जगह-जगह तोरण द्वार लगाकर और पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया गया। हालांकि, मंच से दिए गए उनके बयानों ने अब एक नई बहस को जन्म दे दिया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.