Ambikapur News: जांच रिपोर्ट के बाद नवागढ़ मोमिनपुरा इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने नगर निगम और प्रशासन से सुरक्षित और साफ पेयजल की नियमित सप्लाई की मांग की है. उनका कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ, तो हालात और भयावह हो सकते हैं.
स्वास्थ्य विभाग ने नवागढ़ क्षेत्र से 10 घरों में सप्लाई हो रहे पानी के सैंपल लिए थे. इन सैंपलों की जांच मेडिकल कॉलेज अस्पताल के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में कराई गई, जहां रिपोर्ट में पानी के दूषित होने की पुष्टि हुई. इसके बाद स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए.
CMHO ने PHE विभाग को लिखा पत्र
दूषित पानी की रिपोर्ट सामने आने के बाद CMHO पीएस मार्को ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता को पत्र लिखकर तत्काल एक्शन लेने की मांग की है. स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अगर पानी की सप्लाई में सुधार नहीं हुआ, तो पीलिया के मरीजों की संख्या और बढ़ सकती है.
15–20 दिन पहले बेटे को हुआ पीलिया
नवागढ़ निवासी सबाना ने लोकल 18 से बातचीत में कहा कि करीब 15–20 दिन पहले उनके बेटे को पीलिया हो गया था. डॉक्टरों की जांच में बीमारी की पुष्टि हुई. नल से आने वाला पानी बेहद गंदा है और इसी वजह से यह बीमारी फैली है. सबाना ने कहा कि उनके ही ग्राउंड में तीन अन्य लोग भी पीलिया से पीड़ित हुए थे.
वार्ड नंबर 39 में हालात बदतर
वार्ड 39 के निवासी शमशेर खान ने कहा कि उनके इलाके में पानी की स्थिति बेहद खराब है. नलों से आने वाला पानी कई बार इतना गंदा होता है कि पीना मुश्किल हो जाता है. पानी की सप्लाई का कोई तय समय नहीं है. कभी सुबह, कभी दोपहर तो कभी शाम को पानी छोड़ा जाता है. उनके घर में ही तीन से चार लोग पीलिया से पीड़ित हो चुके हैं जबकि मोहल्ले में 2 से 8 साल तक के छोटे बच्चे भी इस बीमारी की चपेट में आ रहे हैं.
अलर्ट मोड पर स्वास्थ्य विभाग
CMHO पीएस मार्को ने कहा कि नवागढ़ क्षेत्र से पीलिया के मरीज लगातार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच रहे हैं. अब तक 40 से 42 मरीजों में पीलिया की पुष्टि हो चुकी है. गंभीर मरीजों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है. उन्होंने आशंका जताई कि दूषित पानी पीने के कारण ही पीलिया के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं क्योंकि लोग लगातार खराब पानी की शिकायत कर रहे हैं.
प्रशासन से साफ पानी की मांग
जांच रिपोर्ट के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने नगर निगम और प्रशासन से साफ और सुरक्षित पेयजल की नियमित सप्लाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो हालात और भयावह हो सकते हैं.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.