देहरादून की रहने वाली जया ने सूखे पत्तों को कला का ऐसा रूप दिया है, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह जाता है. लोग जहां सूखे पत्तों को कचरा समझकर फेंक देते हैं, वहीं जया उन्हीं पीपल के पत्तों पर बेहद बारीक और खूबसूरत पेंटिंग बनाती हैं. बिना महंगे कैनवास के, सिर्फ प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल कर वे अनोखी लीफ आर्ट तैयार कर रही हैं. यूट्यूब से सीखी इस कला को आज जया ने अपनी पहचान बना लिया है. उनकी मेहनत और धैर्य से तैयार हर एक पत्ता एक खास कलाकृति बन जाता है, जो यह साबित करता है कि हुनर हो तो साधारण चीज भी खास बन सकती है.
जया बताती हैं कि पीपल के पत्ते का हिंदू धर्म में खास महत्व होता है, इसलिए वह इसे लोगों के लिए यादगार बनाने की कोशिश करती हैं. उत्तराखंड में पहले लीफ आर्ट ज्यादा देखने को नहीं मिलती थी, इसलिए उन्होंने इस कला को सीखने के लिए यूट्यूब का सहारा लिया. वहीं से सीखकर उन्होंने खुद अभ्यास किया और धीरे-धीरे इसमें निपुण हो गईं. आज जया पीपल के पत्तों पर किसी भी व्यक्ति की तस्वीर, देवी-देवताओं के चित्र, प्रकृति के दृश्य और कई तरह की सुंदर आकृतियां बनाती हैं. उनकी पेंटिंग इतनी बारीक होती है कि पहली नजर में यकीन करना मुश्किल हो जाता है कि यह एक सूखे पत्ते पर बनाई गई है.
बेहद नाजुक और मेहनत वाला काम
पीपल का पत्ता देखने में जितना साधारण लगता है, उस पर पेंटिंग करना उतना ही मुश्किल होता है. इसकी जालीनुमा बनावट पर रंग भरना और डिजाइन बनाना बहुत धैर्य का काम है. जया बताती हैं कि एक साधारण पत्ते को पेंटिंग के लिए तैयार करने में कई दिन लगते हैं. पत्तों को पहले सही तरीके से सुखाया जाता है, फिर उसकी नाजुक परतों को संभालते हुए काम किया जाता है. अगर जरा सी भी गलती हो जाए तो पूरा पत्ता टूट सकता है और सारी मेहनत खराब हो सकती है.
हुनर और सोच से बदल दी पहचान
जया की यह कला यह दिखाती है कि अगर इंसान के पास हुनर और सही सोच हो, तो वह साधारण चीजों को भी खास बना सकता है. उन्होंने सूखे पत्तों को एक नई पहचान दी है और आज उनकी यह अनोखी कला लोगों को काफी पसंद आ रही है. उनकी कहानी उन लोगों के लिए भी प्रेरणा है, जो कुछ नया करना चाहते हैं लेकिन साधनों की कमी से पीछे हट जाते हैं. जया ने साबित कर दिया है कि मेहनत और जुनून हो तो किसी भी चीज को खास बनाया जा सकता है.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.