Goat Superfood Fodder: पलामू की कुछ महिलाओं ने बकरियों के लिए खास तरह का चारा बनाया है जिसे मिनरल मिक्सचर कहते हैं. इसे खिलाने से ना केवल बकरियों की अच्छी ग्रोथ होती है बल्कि वे तंदरुस्त भी रहती हैं. इसकी कीमत 40 रुपये किलो है और इसकी खूब बिक्री हो रही है.
बकरियों के लिए बेहद फायदेमंद
पलामू जिले के खनवा गांव की रहने वाली अफसाना परवीन बताती हैं कि यह मिनरल्स मिक्सचर बकरियों के लिए बेहद लाभकारी है. इसमें ऐसे पोषक तत्व मौजूद हैं, जो बकरी की हाइट, वजन और रोग प्रतिरोधक क्षमता को तेजी से बढ़ाते हैं. इस चारे का नियमित सेवन करने से बकरियां ज्यादा सक्रिय रहती हैं और उनकी मृत्यु दर भी काफी हद तक कम हो जाती है.
इन 8 चीजों से मिलकर बनता है चारा
यह खास चारा 8 तरह के अनाज और पोषक तत्वों से तैयार किया जाता है. इसमें गेहूं का दाना, दाल की टूटन, नमक, सरसों की खली सहित अन्य जरूरी तत्व शामिल होते हैं. ये सभी मिलकर बकरी को संतुलित पोषण प्रदान करते हैं. अफसाना परवीन के अनुसार, “मिनरल्स मिक्सचर खाने के बाद बकरी की ग्रोथ बहुत तेज होती है, शरीर मजबूत बनता है और बीमारियों का खतरा भी कम हो जाता है.”
एक घंटे में होता तैयार, इतनी है कीमत
खास बात यह है कि इस चारे को तैयार करने में ज्यादा लागत या जटिल तकनीक की जरूरत नहीं होती है. इसे बनाने में करीब एक घंटे का समय लगता है. इसके बाद इसे बाजार में 40 रुपये प्रति किलो की दर से बेचा जाता है. वहीं आधा किलो का पैकेट सिर्फ 20 रुपये में उपलब्ध कराया जाता है, ताकि छोटे बकरी पालक भी आसानी से इसे खरीद सकें.
हो रही है जमकर बिक्री
अफसाना परवीन बताती हैं कि बीते चार महीनों में करीब 20 क्विंटल मिनरल्स मिक्सचर की बिक्री हो चुकी है. आसपास के गांवों के बकरी पालक इसे हाथों-हाथ ले रहे हैं, क्योंकि उन्हें इसका असर साफ दिखाई दे रहा है. बकरियां स्वस्थ हो रही हैं, तेजी से बढ़ रही हैं और समय पर अच्छे दामों में बिक रही हैं.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.