Muzaffarpur Wushu Players Win Medals: मणिपुर के इंफाल में आयोजित 69वें नेशनल स्कूल गेम्स में बिहार के खिलाड़ियों ने अपने कौशल और जज्बे से इतिहास रच दिया है. वुशु चैंपियनशिप 2025-26 में बिहार की टीम ने पदक तालिका में अपना नाम दर्ज कराते हुए शानदार प्रदर्शन किया. 69वें राष्ट्रीय स्कूल खेल वुशु चैंपियनशिप इंफाल में बिहार के अभि कुमार ने रजत और बसंत कुमार ने कांस्य पदक जीता.
प्रतियोगिता के दौरान बिहार के खिलाड़ियों ने तकनीकी कौशल और आत्मविश्वास का अद्भुत संगम पेश किया. अंडर-65 किलोग्राम भार वर्ग में अभि कुमार ने कड़े मुकाबलों को पार करते हुए रजत पदक अपने नाम किया. वहीं अंडर-56 किलोग्राम भार वर्ग में बसंत कुमार ने भी शानदार खेल दिखाते हुए कांस्य पदक हासिल किया. इन दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने न केवल टीम का मनोबल बढ़ाया है, बल्कि बिहार के खेल प्रेमियों में भी खुशी की लहर पैदा कर दी है.
टीम वर्क और अनुशासन की जीत
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार की ओर से कुल 12 खिलाड़ियों का दल शामिल हुआ था. जिसमें 5 बालिका और 7 बालक खिलाड़ी थे. इन खिलाड़ियों ने कड़े अभ्यास और अनुशासन के बल पर कई मजबूत राज्यों के प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर दी. टीम की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे कोचिंग स्टाफ का मार्गदर्शन बेहद अहम रहा. बालिका वर्ग की कोच सपना कुमारी और बालक वर्ग के कोच अनुप सिन्हल ने खिलाड़ियों को न केवल तकनीकी प्रशिक्षण दिया. बल्कि उन्हें मानसिक रूप से भी जीत के लिए तैयार किया.
बेहतर प्रबंधन से मिली उड़ान
खिलाड़ियों की सुविधा और समन्वय की जिम्मेदारी टीम मैनेजर विनय पंडित ने बखूबी संभाली. उनके कुशल प्रबंधन के कारण टीम बिना किसी दबाव के अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकी. राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता ने बिहार में वुशु खेल को एक नई पहचान दी है. यह जीत न केवल पदक विजेताओं की है, बल्कि उन हजारों युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा है जो संसाधनों के अभाव के बावजूद बड़े सपने देखते हैं.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.