पंजाब और राजधानी चंडीगढ़ के लोगों को अभी ठंड से राहत नहीं मिलेगी। क्योंकि आने वाले दिनों में एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ से मौसम के तेवर फिर बदलने वाले हैं। ऐसे में तेज हवा के साथ बारिश का भी अलर्ट है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों खासकर राजधानी चंडीगढ़ में शीतलहर बढ़ गई है। सोमवार गणतंत्र दिवस पर मौसम शुष्क बना रहा, लेकिन बादल और सर्द हवाओं ने ठंड का अहसास भी करवाया। ऐसा ही हाल पूरे ट्राईसिटी में रहा। हालांकि बीच-बीच में कुछ देर के लिए बादल छंट गए और धूप भी निकली, लेकिन धूप का असर न के बराबर रहा।
मौसम विभाग के अनुसार पहले पश्चिमी विक्षोभ का असर सोमवार रात से शुरू होगा। इसके चलते राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 27 जनवरी, मंगलवार को मौसम और अधिक बिगड़ने की संभावना है। आकाश में बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं चलेंगी और कई जगहों पर बारिश होगी। बुधवार को भी राज्य में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की चेतावनी दी गई है।
29 और 30 जनवरी को मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 31 जनवरी की रात से नया पश्चिमी विक्षोभ पंजाब में सक्रिय होगा। इसके चलते कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान शीत लहर का प्रभाव भी महसूस होगा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। पंजाब में सबसे कम तापमान 3.4 डिग्री के साथ फिरोजपुर में दर्ज किया गया।
अमृतसर का रविवार को न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री, लुधियाना 7.4, पटियाला 6.2, पठानकोट 6.4, बठिंडा 4.0, गुरदासपुर 4.5 और एसबीएस नगर 4.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान में भी वृद्धि हुई है, रूपनगर 21.8 डिग्री सबसे गर्म रहा। अन्य जिलों का अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा: अमृतसर 18.4, लुधियाना 17.2, पटियाला 18.6, पठानकोट 18.7, बठिंडा 19.0, एसबीएस नगर 16.2, फरीदकोट 21.4 और फिरोजपुर 18.0 डिग्री।
धूप निकली, लेकिन ठंडी हवाओं ने सिटी को किया कंपकंपा
धूप खिलने के बावजूद चंडीगढ़ में ठंड का असर बरकरार है। सुबह से ठंडी हवाओं ने मौसम को सर्द बना दिया, जिससे लोगों को कंपकपाहट का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने एक बार फिर मौसम में बदलाव की संभावना जताई है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण 27 जनवरी को आंधी और बारिश की आशंका है, जबकि 28 और 29 जनवरी को शीतलहर पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.