टोंक जिले के घाड़ थाना क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन के बदले कथित रूप से रुपए लेने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए टोंक एसपी राजेश कुमार मीना ने सरोली पुलिस चौकी के प्रभारी ASI राजेंद्र शर्मा को मंगलवार देर शाम सस्पेंड कर दिया। अंधेरे में बना वीडियो, आवाज से हुई पहचान एसपी मीना ने बताया- सोमवार रात का एक वीडियो मंगलवार को उनके पास पहुंचा। वीडियो में अवैध बजरी परिवहन को लेकर बातचीत की आवाज सुनाई दे रही थी, जो प्रारंभिक तौर पर ASI राजेंद्र शार्मा की है। वीडियो अंधेरे में बनाया गया है, स्पष्ट नहीं है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत प्रारंभिक जांच करवाई गई। जांच में अवैध बजरी परिवहन से जुड़े लोगों के साथ पुलिसकर्मी राजेंद् शर्मा की भूमिका पुलिस नियमों के विरुद्ध पाई गई। फिलहाल ASI राजेंद्र शर्मा को सस्पेंड कर दिया गया है। एसपी राजेश कुमार मीना ने बताया- मामले की विस्तृत जांच करवाई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हाईवे-52 पर हो रही थी कथित वसूली सूत्रों के अनुसार सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे जयपुर-कोटा नेशनल हाईवे-52 पर देवल्या आमली मोड़ के पास बनास नदी से भरी बजरी की ट्रैक्टर-ट्रॉलियां गुजर रही थीं। इसी दौरान सरोली पुलिस चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और कथित रूप से वाहन चालकों से वसूली की। अज्ञात व्यक्ति ने इस पूरी घटना के तीन वीडियो बना लिए, जो मंगलवार को एसपी तक पहुंच गए। अवैध खनन पर पहले भी उठते रहे सवाल टोंक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध बजरी खनन और परिवहन को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं। घाड़ थाना क्षेत्र में भी पिछले कुछ समय से बजरी खनन की गतिविधियां बढ़ने की बात कही जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.